नवी मुंबई, 08 जनवरी (वार्ता) महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के नए सीजन की शुरुआत हो रही है। शुक्रवार को चौथे सीजन का पहला मैच मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। एमआई जहां इस सीजन शायद सबसे कम बदलाव के साथ खेलने उतरेगी तो वहीं आरसीबी के लिए सबसे बड़ा बदलाव एलिस पेरी का नहीं होना रहेगा। आइए जानते हैं सीजन के पहले मैच की प्लेइंग इलेवन और पिच रिपोर्ट से जुड़ी अहम बातें।
टीम न्यूज़/संभावित प्लेइंग XI
पिछले सीजन नंबर तीन पर खेलने वाली पेरी ने पूरे सीजन से ख़ुद को हटा लिया है तो ऐसे में आरसीबी स्मृति मंधाना और जॉर्जियावॉल से ओपनिंग करा सकती है। हेमलता या नाईक को नंबर तीन पर खेलने का मौक़ा मिल सकता है।
आरसीबी (संभावित): 1 स्मृति मंधाना (कप्तान), 2 जॉर्जिया वॉल, 3 डी हेमलता/ गौतमी नाईक, 4 ग्रेस हैरिस, 5 ऋचा घोष (विकेटकीपर), 6 नडीन डी क्लर्क, 7 पूजा वस्त्रकर, 8 राधा यादव, 9 श्रेयंका पाटिल, 10 अरुंधति रेड्डी, 11 लॉरेन बेल।
एमआई के पास काफ़ी संतुलित इलेवन है जिसमें हीली मैथ्यूज के साथ जी कमालिनी के ओपनिंग करने की उम्मीद है।
एमआई (संभावित): 1 जी कमालिनी (विकेटकीपर), 2 हीली मैथ्यूज, 3 नैट सिवर-ब्रंट, 4 हरमनप्रीत कौर (कप्तान), 5 अमीलिया कर, 6 अमनजोत कौर, 7 पूनम खेमनार, 8 एस सजना, 9 संस्कृति गुप्ता, 10 शबनिम इस्माइल, 11 शाइका इशाक।
पिच और परिस्थितियां
नवी मुंबई की परिस्थितियां बल्लेबाजी के अनुकूल रहने की पूरी उम्मीद है और दूसरी पारी में ओस का प्रभाव भी दिख सकता है। तेज गेंदबाज़ों को शुरुआत में मूवमेंट भी मिलती है। डब्ल्यूपीएल में डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए 11 में से केवल तीन मैचों में ही पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीमें जीती हैं। इस मैदान पर 2024 से अब तक टी20 में पहली पारी का औसत स्कोर 169 रहा है।
