
छतरपुर। छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सरानी दरवाजा के पास चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कंबल ओढ़कर आए दो अज्ञात चोरों ने एक दुकान के ताले तोड़कर नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो शुक्रवार 2 जनवरी को सुबह करीब 10 बजे सामने आया।
जानकारी के अनुसार सरानी दरवाजा क्षेत्र में स्थित अनुज गुप्ता की दुकान में देर रात दो चोर पहुंचे। कंबल ओढ़कर आए चोरों ने पहले आसपास की रेकी की और फिर दुकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों चोर चोरी को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
सुबह जब अनुज गुप्ता दुकान नहीं पहुंचे थे, तब बगल की दुकान के दुकानदार ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान के ताले टूटे पड़े हैं। इसके बाद अनुज गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
