एनसीडी के जरिए 1,000 करोड़ रुपये जुटायेगी अडानी एंटरप्राइजेज

अहमदाबाद, 02 जनवरी (वार्ता) अडानी समूह की मुख्य कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) के माध्यम से 1,000 करोड़ रुपये की पूंजी जुटायेगी।

एनसीडी में कंपनी किसी बैंक से पैसे लेने के बदले सीधे निवेशकों से पैसे उधार लेती है। इसकी अवधि पूर्व निर्धारित होती है। तब तक कंपनी निवेशकों को निश्चित ब्याज देती है और अवधि पूरी होने के बाद मूल राशि वापस करती है।

कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि इश्यू 06 जनवरी 2026 को खुलेगा और 19 जनवरी 2026 को बंद होगा। मूल इश्यू 500 करोड़ रुपये का है और 500 करोड़ रुपये के अतिरिक्त इश्यू का प्रावधान रखा गया है। आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। इसमें ब्याज की प्रभावी दर 8.90 प्रतिशत सालाना तक होगी।

एनसीडी 24 महीने, 36 महीने और 60 महीने की अवधि के होंगे। चौबीस महीने में वार्षिक या एकमुश्त ब्याज के विकल्प होंगे। वहीं, 36 महीने और 60 महीने की अवधि में तिमाही, वार्षिक या एकमुश्त ब्याज के विकल्प होंगे। हर विकल्प पर ब्याज की दर अलग-अलग होगी।

यह अडानी एंटरप्राइजेज का तीसरा एनसीडी है। इसे केयर रेटिंग्स ने ‘केयर एए माइनस’ रेटिंग दी है।

डिबेंचर का अंकित मूल्य 1,000 रुपये है और एक निवेशक को कम से कम 10 एनसीडी खरीदने होंगे।

कंपनी ने बताया कि एनसीडी से प्राप्त 75 प्रतिशत राशि का इस्तेमाल ऋणों की आंशिक या पूर्ण अदायगी तथा उस पर ब्याज के भुगतान के लिए किया जायेगा। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जायेगा।

 

 

Next Post

इलेक्ट्रानिक सामानों के घटकों के विनिर्माण के लिये 41,863 करोड़ रुपये के निवेश के 22 नये प्रस्ताव मंजूर

Fri Jan 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 जनवरी (वार्ता) सरकार ने इलेक्ट्रानिक सामानों के घरेलू प्रोत्साहन को बढ़ावा देने की योजना- इलेक्ट्रानिक सामानों के घटकों के विनिर्माण की योजना (ईसीएमएस) के तहत कुल 41,863 करोड़ रुपये के निवेश के 22 और प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की शुक्रवार को […]

You May Like