इंदौर: रेलवे पुलिस इंदौर ने सतर्कता और ईमानदारी की ऐसी दोहरी मिसाल पेश की, जिससे रेल यात्रियों का भरोसा और मजबूत हुआ. अलग-अलग घटनाओं में एक महिला यात्री का कीमती सामान से भरा ट्रॉली बैग और दूसरे यात्री की नकदी व दस्तावेजों से भरी जैकेट सुरक्षित बरामद कर उन्हें लौटा दी गई.एसपी रेल पद्मविलोचन शुक्ला ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इंदौर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नववर्ष को लेकर विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था.
इसी दौरान इंदौर मे रहने वाली महिला यात्री दीपशिखा ने जीआरपी को सूचना दी कि नई दिल्ली से इंदौर की यात्रा के दौरान देवास स्टेशन पर उनका ट्रॉली बैग गुम हो गया है. बैग में सोने की इयररिंग, नई जैकेट और कपड़े रखे थे. सूचना मिलते ही जीआरपी में पदस्थ प्रधान आरक्षक हरेकृष्ण पाठक ने टीटीई और संबंधित कोच के यात्रियों से समन्वय कर जांच शुरू की.
पड़ताल में सामने आया कि बैग गलती से अन्य यात्रियों द्वारा उतार लिया गया था, जिसे बाद में जीआरपी थाना उज्जैन में सुरक्षित जमा करा दिया. औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैग महिला यात्री को सौंप दिया. इसी तरह एक अन्य मामले में दिल्ली के यात्री रविन्द्र कुमार ने नई दिल्ली एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान अपनी जैकेट छूटने की सूचना दी. जैकेट में करीब 35 हजार रुपए नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे. सूचना पर आरक्षक राजकुमार कैथवास ने रेल स्टाफ से संपर्क कर तुरंत कार्रवाई की और जैकेट सुरक्षित बरामद कर यात्री लौटाया.
