एलआईसी ने ग्रामीण भारत में पहुंच बढ़ाने के लिए सहज इंश्योरेंस सर्विसेज के साथ किया करार

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बीमा पहुंच को मजबूत करने के लिए सहज इंश्योरेंस सर्विसेज के साथ एक रणनीतिक सहयोग की घोषणा की है। इस सहयोग के तहत कानोरिया फाउंडेशन की कंपनी सहज का सहायक डिजिटल सेवा नेटवर्क एलआईसी के जीवन बीमा उत्पादों और सेवाओं तक पहुंच को सुगम बनायेगा। इससे लोगों को पॉलिसियों के बारे में समझने, पॉलिसी लेने और उसके प्रबंधन में मदद मिलेगी, विशेष रूप से उन क्षेत्रों में जहां बीमा के प्रति जागरूकता पारंपरिक रूप से कम रही है। एलआईसी के क्षेत्रीय प्रबंधक सौमेंद्रनाथ बंदोपाध्याय ने कहा, “एलआईसी हमेशा समाज के हर वर्ग तक जीवन बीमा सुरक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। सहज इंश्योरेंस सर्विसेज के साथ हमारा यह सहयोग हमें ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में और गहराई तक पहुंचने में मदद करेगा, जिससे अधिक लोग एलआईसी के सुरक्षा और भरोसे का लाभ उठा सकेंगे।”
सहज इंश्योरेंस सर्विसेज के निदेशक बिस्वजीत चटर्जी ने कहा, “एलआईसी के साथ यह सहयोग बीमा तक पहुंच को सार्वभौम बनाने के हमारे मिशन में एक महत्वपूर्ण कदम है। एलआईसी की विश्वसनीय विरासत को अंतिम छोर तक पहुंच और सहायक डिजिटल मॉडल के साथ जोड़कर, हमारा लक्ष्य बीमा को सरल, अधिक सुलभ और वास्तव में समावेशी बनाना है।”

सहज इंश्योरेंस सर्विसेज सहज रिटेल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है और कानोरिया फाउंडेशन की पहल का हिस्सा है। कंपनी को हाल ही में भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण से कॉरपोरेट एजेंसी लाइसेंस प्राप्त हुआ है, जिससे वह देश भर में बीमा उत्पादों का वितरण कर सकेगी। कंपनी के अनुसार, सहज लगभग 4.5 लाख डिजिटल रूप से सक्षम ग्रामीण केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से कार्य करती है, जो सामूहिक रूप से 70 करोड़ से अधिक लोगों को सेवा प्रदान करते हैं। संचालन के पहले वर्ष में कंपनी लगभग 10 करोड़ बीमा पॉलिसियों की बिक्री का लक्ष्य रखती है, जिसमें ग्रामीण और अर्ध-शहरी परिवारों के लिए कम प्रीमियम और ज्यादा प्रासंगिकता वाले उत्पादों पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।

Next Post

जीवन सुगमता को बढ़ावा देने के लिए सुधारों की गति और तेज की जाएगी: मोदी

Fri Dec 26 , 2025
नयी दिल्ली, 26 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार जीवन तथा कारोबार में सुगमता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में सुधारों की गति और भी तेज होगी। श्री मोदी ने शुक्रवार को यह प्रतिबद्धता जताते हुए एक्स पर सूचनाओं […]

You May Like