शिवपुरी: शहर के कोर्ट रोड पर सीवर लाइन के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में एक बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को गड्ढे से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यह घटना कोर्ट रोड की एक गली में हुई। बर्तन की दुकान के संचालक धर्मेंद्र ने अपनी दुकान के पीछे सीवर जोड़ने के लिए गड्ढा खुदवाया था।
गड्ढे के आसपास किसी भी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाए गए थे।इसी लापरवाही के कारण पोहरी निवासी मनोज शिवहरे अपनी बाइक सहित गड्ढे में जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद घायल मनोज शिवहरे को गड्ढे से बाहर निकाला और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
