
उज्जैन। बीती रात युवक को पत्नी बेसुध हालत में चरक अस्पताल लेकर पहुंची, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक शराब के नशे में छत से गिरा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है मामले की जांच की जा रही है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि शिवाजी नगर गधा पुलिया से मनीष पिता दिलीप मालवीय 25 वर्ष को पत्नी छाया अस्पताल लेकर पहुंची थी। मनीष की मौत होने पर अस्पताल स्टाफ द्वारा सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि मनीष छत से गिरा है और शराब के नशे में था। जिसके चलते उसकी मौत हुई है। मृतक मनीष का परिवार शाजापुर जिले का रहने वाला है जिनके आने पर उन्होंने हत्या का आरोप लगा दिया। परिजनों का कहना था कि मनीष तीन-चार सालों से अलग रहता था उसकी शादी नहीं हुई थी। लेकिन पुलिस को पता चला कि वह छाया से शादी कर चुका था और शिवाजी नगर में रह रहा था। मनीष रेस्टोरेंट में काम करता था उसकी पत्नी महाकाल मंदिर के समीप होटल में खाना बनाने का काम करती है। परिवार द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप सही नहीं पाए गए हैं। पत्नी छाया का कहना था कि वह रात में घर पर नहीं थी होटल पर गई हुई थी तभी पड़ोसियों ने सूचना देकर गिरने की जानकारी दी थी। उप निरीक्षक उधम सिंह राठौर के अनुसार मामला हादसा ही सामने आ रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
