बिहार सरकार में मंत्रियों के विभाग बंटे, उपमुख्यमनंत्री सम्राट चौधरी को मिला गृह विभाग

पटना, 21 नवंबर (वार्ता) बिहार में दसवीं बार मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उप मुख्यमंत्री का दर्जा दिया है।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री श्री कुमार ने सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय , निगरानी , निर्वाचन और ऐसे सभी विभाग जो किसी को आवंटित नहीं है, अपने पास रखे हैं ।

श्री कुमार ने भाजपा नेता सम्राट चौधरी को गृह विभाग की जिम्मेवारी दी है। काफी लंबे समय से यह विभाग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास था। श्री कुमार ने भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा को राजस्व एवं भूमि सुधार तथा खान एवं भूतत्व विभाग की जिम्मेदारी दी है ।

मुख्यमंत्री ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) नेता विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, योजना एवं विकास, मध निषेध, उत्पाद , सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ,वित्त और वाणिज्य कर की जिम्मेवारी दी है। वित्त विभाग पूर्व में सम्राट चौधरी के पास था। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) नेता श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास और परिवहन विभाग की जिम्मेवारी दी गयी है। इसी तरह भाजपा नेता मंगल पांडेय को स्वास्थ्य और विधि विभाग की जिम्मेवारी दी गयी है। श्री पांडेय के पास पहले भी यही विभाग था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल को उधोग विभाग की जिम्मेवारी दी गयी है।

Next Post

मनरेगा में 26 करोड़ से अधिक पंजीकृत श्रमिक

Fri Nov 21 , 2025
नयी दिल्ली 21 नवंबर (वार्ता) सरकार ने कहा है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयासरत जारी है और अब तक इसमें में 26 करोड़ से अधिक श्रमिक पंजीकृत हैं। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि मनरेगा […]

You May Like