मध्य प्रदेश के विकास की नई उड़ान, हेलीकॉप्टर सेवा बनी पर्यटकों के लिए शान

उज्जैन. मध्य प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल में शुरू की गई पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा के तहत शनिवार को उज्जैन की धरती पर जश्न का माहौल रहा. यहां भी भोपाल से चार हेलीकॉप्टर पहुंचे तो रोमांच छा गया.

एयरपोर्ट बनने से पहले ही महाकाल की नगरी को यह बड़ी सौगात मिली, जिसका उत्साह स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों में साफ दिखाई दिया. कुल मिलाकर उत्सव का माहौल रहा, ढोल-नगाड़ों पर दिग्गज थिरके नजर आए. शनिवार को एक के बाद एक नागझिरी स्थित हेलीपैड पर 4 हेलीकॉप्टर पहुंचे खुशियों का ठिकाना न रहा, नेता कार्यकर्ताओं ने मंच के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की तारीफों में अपने उद्बोधन दिए. भाजपा नेता संजय अग्रवाल और विधायक अनिल जैन कलुवाड़ा से लेकर मंत्री गौतम टेटवाल, निगम सभापति कलावती यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि उज्जैन को विकास के पंख लगा चुके हैं. संचालन महामंत्री आनंद खींची ने किया.

अतिथियों का भव्य सत्कार

भोपाल से उज्जैन पहुंचे अतिथियों का स्थानीय नेताओं और अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. आने वालों में भोपाल की महापौर मालती राय, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर, और संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी प्रमुख थे।साथ ही, बालाजी ग्रुप के एमडी विकास मुंदड़ा और दौलतराम इंजीनियरिंग के पुलकित शर्मा भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने.

उज्जैन में स्वागत करने वालों में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, महाकाल मंदिर प्रशासन प्रथम कौशिक और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा शामिल रहे.

 

इन शहरों के लिए मिलेगी कनेक्टिविटी

यह पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी. जिन महत्वपूर्ण गंतव्यों को इस सेवा से जोड़ा गया है, उनमें इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, भोपाल, मंडई, पचमढ़ी, जबलपुर, बांधवगढ़, और कान्हा शामिल हैं. पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए अब कम समय में इन स्थानों तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

 

 

20 नवंबर से आम जनता को लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश को 70वें स्थापना दिवस पर यह सौगात दी है. हालांकि शनिवार को इसका औपचारिक शुभारंभ और ट्रायल उड़ानें हुईं, बावजूद आम जनता, श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए इस योजना का लाभ 20 नवंबर से मिलना शुरू हो जाएगा.

 

ऑनलाइन बुकिंग होगी

इस हेलीकॉप्टर सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी और यह सेवा सप्ताह में 5 दिन तक संचालित की जाएगी. यह कदम उज्जैन में एयरपोर्ट बनने से पहले ही पर्यटन को एक नई ऊंचाई देगा और महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अत्याधुनिक सुविधा प्रदान करेगा. उज्जैन हेलीपैड पर एक वेटिंग लाउन्ज भी बनाया गया है, जिसका निर्माण कार्य 80 प्रतिशत हो चुका है, इस सेवा की किस प्रकार से बुकिंग होगी कितनी राशि लगेगी, कितने लोग हेलीकॉप्टर में बैठ सकेंगे ,इसका खुलासा 20 नवंबर को सरकार करेगी.

Next Post

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अग्रेसन चौराहे पर पुल बनाने का निर्णय 

Sun Nov 2 , 2025
इंदौर. शहर में यातायात व्यवस्था के लिए अग्रसेन चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण करने पर सहमति बनी है. वहीं बीआरटीसी के तीन चौराहों पर बनने वाले ब्रिज को फिलहाल रोकने का तय किया गया है. साथ ही शहर में आठ मुख्य सड़कों पर पार्किंग स्थल खाली करने और चालान बनाने की […]

You May Like