छतरपुर। छतरपुर जिले के ग्राम धमोरा की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में एक शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अरुण शंकर पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच दल गठित किया, जो शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे धमोरा पहुंचा और जांच प्रारंभ की।
जांच समिति द्वारा विद्यालय पहुंचकर छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों से बयान लिए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ छात्राओं ने शिक्षक के खिलाफ आपत्तिजनक व्यवहार की शिकायत की थी। डीईओ पांडे ने कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता से की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव में अभिभावकों और छात्रों में नाराजगी देखी जा रही है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी शिक्षक को निलंबित कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। शिक्षा विभाग ने भी कहा है कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
