इंदौर:शहर में नशे का जाल दिनों-दिन फैलता जा रहा है, लेकिन अब क्राइम ब्रांच की सख्ती से तस्करों की कमर टूटने लगी है. बीते दस माह म क्राइम ब्रांच ने 84 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 150 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों का नशा जब्त किया है. औसतन हर दूसरे दिन एक तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ रहा है.शहर के लगभग हर थाना क्षेत्र में अब नशे का कारोबार सक्रिय है, मगर सबसे अधिक कार्रवाई क्राइम ब्रांच ने की है.
इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर के बीच टीम ने 1738 ग्राम एमडी ड्रग्स, 750 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर, 100 किलो गांजा, 4 किलो चरस और डोडाचूरा बरामद किया है. इसके अलावा 9 लाख अल्प्राजोलम की गोलियां और 5640 कोडिन की शीशियां भी जब्त की गईं. कुल मिलाकर क्राइम ब्रांच ने अब तक करीब 8 करोड़ रुपए से अधिक का नशा पकड़ा है, जो अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है.
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि अब तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए महिलाओं और नाबालिगों का इस्तेमाल करने लगे हैं. क्राइम ब्रांच अब तक एक दर्जन से ज्यादा महिला तस्करों और आधा दर्जन नाबालिगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें महिला सीमा नाथ को एक करोड़ की ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था, जबकि भीमनगर की एक अन्य महिला अल्प्राजोलम की गोलियों के साथ गिरफ्तार हुई थी. पकड़े गए 150 तस्करों में से 50 बड़े बदमाश हैं, जिन पर पहले से एक दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं. जिसे देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम लगातार शहर में सक्रिय नशा तस्करों पर अंकुश लगाते हुए उनकी कमर तोड़ रही है.
