फ्लाई91 ने की दिवाली पर अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा

पणजी, 17 अक्टूबर (वार्ता) क्षेत्रीय विमान सेवा कंपनी फ्लाई91 ने इस साल दिवाली के मौके पर अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह आज गोवा-बेंगलुरु-गोवा और सिंधुदुर्ग-बेंगलुरु-सिंधुदुर्ग मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानों का परिचालन कर रही है। इसके अलावा, 18 और 19 अक्टबूर को गोवा-बेंगलुरु-गोवा, गोवा-हैदराबाद-गोवा और सिंधुदुर्ग-हैदराबाद-सिंधुदुर्ग मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानें उपलब्ध होंगी। वहीं, 21 अक्टूबर को गोवा-पुणे-गोवा मार्ग पर अतिरिक्त उड़ानें होंगी।
फ्लाई91 के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज चाको ने कहा, “दिवाली एक ऐसा समय होता है जब परिवार इकट्ठा होता है और यात्रा की मांग स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है क्योंकि लोग त्योहार मनाने के लिए अपने परिवार के पास लौटते हैं। हमने अपने ग्राहकों के लिए त्योहारों पर यात्रा को और अधिक सुविधाजनक तथा सुलभ बनाने के लिए ये अतिरिक्त उड़ानें शुरू की हैं। हमारा लक्ष्य पूरे भारत में, खासकर ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर, भरोसेमंद, आरामदायक और किफायती कनेक्टिविटी प्रदान करना है।”
एयरलाइंस ने बताया कि 15-31 अक्टूबर के बीच आधिकारिक फ्लाई91 वेबसाइट के माध्यम से बुक किए गए प्रत्येक टिकट के लिए वह वंचितों के बीच त्योहारी खुशियां फैलाने के लिए बच्चों पर केंद्रित एक चैरिटी में 100 रुपये का योगदान देगी।

Next Post

देवभूमि क्रिकेट महाकौथिग में 64 टीमें - 960 खिलाड़ी

Fri Oct 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (वार्ता) 6वां टी-20 देवभूमि क्रिकेट महाकौथिग का आयोजन रविवार 26 अक्टूबर-2025 से नोएडा क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर- 21 में किया जाएगा जिसमें उत्तराखण्ड के मूल खिलाड़ियों की 64 टीमें भाग लेगी। शुक्रवार को गढ़वाल भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में देवभूमि क्रिकेट महाकौथिग के अध्यक्ष अर्जुन सिंह […]

You May Like