स्कीट क्वालीफिकेशन के दूसरे दिन के बाद भवतेग सिंह फाइनल की दौड़ में

नयी दिल्ली, (वार्ता) भारत के भवतेग सिंह गिल शनिवार (11 अक्टूबर) को मलाकासा शूटिंग रेंज में पुरुषों के स्कीट क्वालीफिकेशन के दूसरे दिन कुल 97 हिट्स के साथ अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व चैंपियनशिप शॉटगन 2025 के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए हैं।

भवतेग ने शनिवार को 24वें और 23वें राउंड के साथ अपने पहले दिन के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए शीर्ष छह के करीब बने हुए हैं। तीन बार के विश्व चैंपियन संयुक्त राज्य अमेरिका के विंसेंट हैनकॉक और चेक गणराज्य के विश्व नंबर 4 जैकब टोमेचेक वर्तमान में 99 हिट्स के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

लीडरबोर्ड पर दस निशानेबाज 98 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भवतेग स्वीडन के हेनरिक जैनसन, अमेरिका के क्रिश्चियन इलियट और सात अन्य निशानेबाज़ों से सिर्फ़ एक हिट पीछे 97 अंकों के साथ हैं।

अन्य भारतीयों में, ओलंपियन मैराज अहमद खान 92 हिट (24, 21, 25, 22) के साथ 81वें स्थान पर हैं, जबकि एशियाई चैंपियन अनंतजीत सिंह नरुका चार राउंड के बाद 90 हिट (24, 24, 20, 22) के साथ 91वें स्थान पर हैं।

महिलाओं की स्कीट प्रतियोगिता में, दुनिया की नंबर 1 निशानेबाज अमेरिका की सामंथा सिमोंटन 98 हिट के साथ शीर्ष पर हैं। भारत की रायज़ा ढिल्लों वर्तमान में 91 हिट (23, 22, 24, 22) के साथ 29वें स्थान पर हैं, उनके बाद गनेमत सेखों 88 हिट (21, 22, 21, 24) के साथ 38वें स्थान पर और परिनाज धालीवाल 87 हिट (21, 23, 22, 21) के साथ 43वें स्थान पर हैं।
क्वालीफिकेशन का अंतिम दिन रविवार को होगा, जिसके बाद पुरुष और महिला दोनों स्पर्धाओं में शीर्ष छह निशानेबाज फाइनल में पहुंचेंगे, जो रविवार (12 अक्टूबर, 2025) को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे (महिला) और शाम 7:00 बजे (पुरुष) पर निर्धारित है।

 

 

 

Next Post

उत्तराखंड बन चुकी है पेपर लीक प्रदेश : रावत

Sun Oct 12 , 2025
देहरादून (वार्ता) यूकेएसएसएससी पेपर लीक और एकल जांच समिति की रिपोर्ट को लेकर उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के […]

You May Like