विंड वर्ल्ड पर बकाया कर्ज कर्ज ओमकारा एआरसी ने अधिग्रहीत किया

मुंबई, (वार्ता) एरियन समूह की ओमकारा एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (ओमकारा एआरसी) ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की दिवालिया कंपनी विंड वर्ल्ड इंडिया लिमिटेड (डब्ल्यूडब्ल्यूआईएल) पर कर्जदाताओं के बकाया 3,763 करोड़ रुपये के ऋण को नेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (एनएआरसीएल) से खरीद लिया है।

उम्मीद है कि अब दिवालिया कंपनी पर बकाये के समाधान की नयी योजना आमंत्रित की जाएगी और नयी समाधान प्रक्रिया में प्रस्तावों पर ओमकारा एआरसी की भूमिका निर्णायक होगी।

ओमकारा एआरसी की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस रणनीतिक अधिग्रहण के बाद ओमकारा एआरसी को डब्ल्यूडब्ल्यूआईएल की दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) में निर्णय करने का प्रमुख अधिकार मिल गया है।

इस अधिग्रहण के लिए 1,225 करोड़ रुपये के निवेश के बाद ओमकारा एआरसी लेनदारों की समिति (सीओसी) में 80 प्रतिशत मतदान की अधिकारी हो गयी है।

कंपनी को कर्ज देने वाले बैंकों और वित्तीय संस्थानों के एक संघ ने 3,763 करोड़ के इस ऋण मूल रूप को लगभग 18 महीने पहले एनएआरसीएल को सौंपा था।

बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने ऋण में दबी दिवालिया कंपनी के लिए प्रस्तुत मौजूदा समाधान योजना को वापस लेने की अनुमति दे दी है और इसके बाद अब समाधान योजना के संभावित आवेदकों से नये सिरे से रुचि पत्र आमंत्रित करने का रास्ता साफ हो गया है।

एरियन ग्रुप के सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक, मनीष लालवानी ने कहा, “यह अधिग्रहण एक रणनीतिक निवेश से कहीं बढ़कर है, यह जटिल, उच्च-प्रभाव वाली परिसंपत्तियों के समाधान के माध्यम से भारत के आर्थिक पुनरुद्धार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करता है।”

 

 

Next Post

नवरात्र में टूटा बिक्री का 10 साल का रिकॉर्ड

Sat Oct 4 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) देश में इस साल नवरात्र के दौरान बिक्री का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। उद्योग जगत के सूत्रों ने बताया कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती के कारण और रुकी हुई मांग आने से नवरात्र में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री हुयी है। जीएसटी […]

You May Like