
मन्दसौर। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. जी. सूर्यवंशी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा अंतर्गत मन्दसौर जिले में 2 अक्टूबर 2025 तक 1000 स्कूलों को तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान घोषित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी स्कूलों को स्वयं मूल्यांकन स्कोरकार्ड में निर्धारित नौ गतिविधियों को समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले स्कूलों को 2 अक्टूबर को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. लेखा तंवर ने बताया कि भानपुरा ब्लॉक में इस अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 40 स्कूलों के विद्यार्थियों के बीच पोस्टर, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 500 रुपये, द्वितीय स्थान को 300 रुपये की राशि तथा सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. जी. सूर्यवंशी ने विजेताओं को प्रमाण पत्र, मोमेंटो एवं पुरस्कार राशि वितरित की। इस अवसर पर स्कूलों के बाहर 100 गज (300 फीट) की दूरी तक पीली रेखा अंकित की गई, जिसके अंतर्गत तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
