शाहपुर विवाद के बाद अब हर एकलव्य विद्यालय की होगी जांच 

बैतूल। शाहपुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिले के सभी एसडीएम को आदेश जारी कर अपने-अपने क्षेत्र के एकलव्य विद्यालयों और छात्रावास परिसरों का विस्तृत निरीक्षण करने को कहा है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, स्वास्थ्य परीक्षण, भवनों की स्थिति, वॉशरूम-पाइपलाइन, बिजली की सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता, खेलकूद सुविधाएं, काउंसलर और नर्स की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि खिड़की-दरवाजों से लेकर सेप्टिक टैंक तक हर हिस्से की जांच होनी चाहिए। बच्चों के गद्दे-तकिए जैसी आवश्यक सामग्री खराब मिलने पर तत्काल बदलाव किया जाए। भोजन की गुणवत्ता की नियमित सैंपलिंग और मेस स्टाफ के व्यवहार की निगरानी भी अनिवार्य होगी।

इसके अलावा, एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिक्षकों और विद्यार्थियों से अलग-अलग चर्चा कर प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर राय लें। साथ ही विद्यालयों में हुए नवीन निर्माण कार्यों के उपयोग, पिछले दो वर्षों की वित्तीय खरीदी और स्वीकृति प्रक्रिया की गहन जांच भी की जाएगी।

शाहपुर की घटना के बाद उठाया गया यह कदम जिले के सभी एकलव्य विद्यालयों में जवाबदेही तय करने और व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में प्रशासन की बड़ी पहल मानी जा रही है।

Next Post

सफाई पर हंगामा: भाजपा नेता और जनपद सीईओ आमने-सामने

Thu Sep 18 , 2025
बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा कार्यों के बीच बैतूल जिले की चिचोली जनपद पंचायत में गुरुवार को भाजपा नेताओं और जनपद सीईओ प्रतिभा जैन के बीच जमकर विवाद हो गया। सफाई को लेकर शुरू हुई यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक […]

You May Like