
बीजिंग, 16 सितंबर (वार्ता) दक्षिण चीन सागर में मंगलवार सुबह फिलीपींस के एक जहाज ने जानबूझकर एक चीनी तट रक्षक (सीसीजी) जहाज को टक्कर मार दी। चीनी तट रक्षक बल ने यह जानकारी दी है।
सीसीजी के प्रवक्ता गान यू ने कहा कि मंगलवार को फिलीपींस के दस पोत अवैध तरीके से चीन के हुआंग्यान दाओ के पास चीनी जलक्षेत्र में घुस आये। इस पर सीसीजी ने कानून के मुताबिक उन्हें चेतावनी देते हुये उनका रास्ता रोका और उन पर पानी की बौछार की।
श्री गान के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे 3014 नंबर वाले एक फिलीपीनी पोत ने चीन की ओर से दी गयी चेतावनी को नजरंदाज करते हुये जानबूझकर एक सीसीजी जहाज को जोरदार टक्कर मारी।
प्रवक्ता ने कहा कि फिलीपींस पक्ष की ओर से जानबूझकर की गयी उल्लंघन और उकसावे वाली कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण हैं तथा इस टकराव के लिए फिलीपींस पक्ष पूरी तरह जिम्मेदार है।
