वाहन उद्योग में आत्मनिर्भरता के लिए उद्योग और सरकार को मिलकर करना होगा काम- मोदी

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाहन उद्योग को मेक इन इंडिया का अगुवा बताते हुये गुरुवार को कहा कि वाहन विनिर्माण क्षेत्र में पूर्ण आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए सरकार और उद्योग को मिलकर काम करना होगा। श्री मोदी ने यहां घरेलू वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के वार्षिक अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में भेजे गये अपने लिखित संदेश में कहा कि वाहन उद्योग अर्थव्यवस्था को गति देने वाला महत्वपूर्ण क्षेत्र है। मोबिलिटी और जीवन की गुणवत्ता में इसने महत्वपूर्ण सुधार किया है। यह मेक इन इंडिया पहल का अगुवा रहा है और देश को वाहन उद्योग में उत्कृष्टता का केंद्र बना दिया है।

उन्होंने कहा कि वाहन विनिर्माण के पूरे वैल्यू चेन (उपकरणों की श्रृंखला) में आत्म निर्भरता हासिल करने के लिए सरकार और उद्योग का मिलकर काम करना अनिवार्य है। मजबूत नीतिगत ढांचे और सुधारों के दम पर भारत तेजी से भविष्य के लिए तैयार परिवहन प्रणाली की तरफ बढ़ रहा है। वाहन उद्योग तेजी से हरित ऊर्जा स्रोतों को भी अपना रहा है। उन्होंने ऊर्जा भंडारण में स्टार्टअप के विकास को उत्साहजनक बताया।

प्रधानमंत्री का यह संदेश सियाम के अध्यक्ष और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने पढ़ा।

भारी उद्यम मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि घरेलू वाहन उद्योग तेजी से विकास कर रहा है। देश में आज हर साल तीन करोड़ से ज्यादा वाहन बिकते हैं। उन्होंने वाहन उद्योग से नवाचार को बढ़ावा देने की अपील की।

श्री कुमारस्वामी ने, जिनके पास इस्पात मंत्रालय का भी प्रभार है, वाहन उद्योग को आश्वासन दिया कि कुछ कलपुर्जों के देश में निर्माण के लिए जरूरी ग्रेड के इस्पात का देश में ही उत्पादन शुरू किया जायेगा।

श्री चंद्रा ने कहा कि देश के वाहन उद्योग का राजस्व 20 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इसका योगदान 15 प्रतिशत है। इस उद्योग में तीन करोड़ से अधिक लोगों को सीधे या परोक्ष रूप से रोजगार मिलता है। उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में हाल में किये गये सुधारों के लिए सरकार को धन्यवाद दिया जिसमें आम लोगों के इस्तेमाल की अन्य वस्तुओं के साथ वाहनों की कीमतों पर करों में भारी कटौती की गयी थी। उन्होंने वाहन उद्योग द्वारा हरित ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की दिशा में किये जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया।

Next Post

दुनिया में पहले नंबर पर पहुंचने की क्षमता रखता है भारतीय वाहन उद्योग - गडकरी

Thu Sep 11 , 2025
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय वाहन उद्योग का देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान है और इसमें दुनिया में पहले नंबर पर पहुंचने की क्षमता है। श्री गडकरी ने यहां घरेलू वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम […]

You May Like