
जबलपुर। शहर के एक स्कूल द्वारा दो पहिया वाहनों पर छात्र-छात्राएं बिना हेलमेट रैली निकाल रहे थे, जिन्हें यातायात पुलिस ने रोका और एकत्रित कर हेलमेट लगाने, यातायात संबंधित नियमों को पालन करने समझाइश दी गई, भविष्य में ऐसी गलती होने पर कठोर कार्यवाही करने चैतावनी दी। जानकारी के अनुसार आदित्य कॉन्वेंट स्कूल में साइकिल रैली आयोजित की गई थी। रैली में शामिल होने वाले कुछ छात्र अपने दोपहिया वाहनों जैसे एक्टिवा एवं मोटरसाइकिल से आए थे। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई छात्र बिना हेलमेट एवं बिना लाइसेंस के वाहन चला रहे थे। ऐसे छात्रों को एकत्रित कर उन्हें हेलमेट की अनिवार्यता एवं बिना लाइसेंस वाहन चलाने के दुष्परिणामों के संबंध में समझाइश दी गई। साथ ही, भविष्य में ऐसी गलती पुनः करने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी गई। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन को भी जागरूक रहकर यातायात नियमों का पालन कराने तथा विद्यार्थियों को निरंतर यातायात संबंधी जागरूकता प्रदान करने निर्देशित किया गया। यह कार्यवाही मालवीय चौक डीएसपी संतोष कुमार शुक्ला के निर्देशन में हुई, कार्यवाही के दौरान सूबेदार रोहित तिवारी सहित यातायात पुलिस कर्मी मौजूद थे।
