गुआंगजौ, 08 सितंबर (वार्ता) इस साल का 16वां तापा तूफान सोमवार सुबह दक्षिण चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में पहुँच गया जिसके कारण सैकड़ों स्कूल बंद करने पड़े और 41,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
प्रांतीय मौसम विज्ञान वेधशाला के अनुसार 30 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार वाली हवाओं के साथ यह तूफान सोमवार की सुबह लगभग 8:50 बजे जियांगमेन शहर के एक काउंटी-स्तरीय शहर ताइशान के तट पर पहुंचा। इस तापा तूफान के चलते ताईशान के 182 स्कूलों और किंडरगार्टन में लगभग 1,20,000 छात्रों की कक्षाएं फिलहाल बंद कर दी गईं, जबकि जियांगमेन में 41,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
जियांगमेन के समुद्री कार्यालय ने कहा कि उसने संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए 43 स्वयंसेवी समुद्री बचाव दल और 30 जहाज पहले ही तैनात कर दिए थे। ताइशान में 3,300 से अधिक आपातकालीनकर्मी तैयार हैं। पड़ोसी यांगजियांग शहर में अधिकारियों ने सोमवार को स्थानीय निवासियों के लिए आपातकालीन आश्रय स्थल खोले।
तापाह से प्रभावित ग्वांगडोंग के कुछ हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं। अधिकारियों का अनुमान है कि तापाह लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा और धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।

