
सीहोर।आखिर एक दिन पहले फिर सक्रिय हुए बादलों ने झमाझम बरसते हुए जिले को तरबतर कर दिया. सभी तहसीलों में हुई मूसलाधार बारिश के चलते नदी- नाले उफान पर आ गए और किनारों को लांघते हुए पानी गांवों की सरहद तक जा पहुंचा. पुल- पुलियाओं पर पानी होने के कारण कई गांवों का शहर से सड़क संपर्क टूट गया. जिले में पिछले 24 घंटे में 34.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. सर्वाधिक बारिश श्यामपुर में रिकार्ड की गई है.
बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है. मूसलाधार पानी गिरते ही नदी, नाले उफान पर आने से रपटे, पुल, पुलिया के ऊपर पानी बह रहा है, जिससे सड़क संपर्क टूट रहा है. इसके बाद भी लोग जान जोखिम में डालकर निकलने से बाज नहीं आ रहे हैं. गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब आष्टा के बोरखेड़ा गांव के पास पार्वती नदी के पुल पर पानी होने के बावजूद निकलने में एक युवक तेज बहाव में बाइक सहित बह गया, जबकि दूसरा बच गया है. जिसे गोताखोर और एसडीआरएफ टीम ने शाम तक तलाशा, लेकिन कोई पता नहीं चल सका है.
जानकारी के अनुसार सेवखेड़ी निवासी सुरेश सपेरा बाइक से शंकर सपेरा के साथ जा रहा था. दोपहर 3.30 बजे के करीब बोरखेड़ा और रनायल गांव के जोड़ के बीच पार्वती नदी में बने पुल के ऊपर पानी था. उसके बावजूद दोनों पुल के ऊपर से निकलने लगे. पुल किनारे मौजूद कोटवार और ग्रामीणों ने उनको रोकने बहुत कोशिश की, लेकिन किसी की बात नहीं सुनी. सुरेश बाइक और शंकर पैदल निकलने लगा. बताया जाता है कि शंकर सपेरा सुरक्षित बाहर निकल गाया, लेकिन सुरेश सपेरा तेज बहाव में बाइक के साथ बह गया. सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला पहुंचा. गोताखोर, एसडीआरएफ टीम बुलाकर सर्चिंग कराई पर कोई पता नहीं चला है. शुक्रवार को फिर सुबह से तलाशी अभियान चालू होगा. घटना स्थल शाजापुर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसके चलते वहां के प्रशासन को भी सूचना दी गई है.
गांवों का शहर से टूटा सड़क संपर्क
जिले में बुधवार की पूरी रात रुक-रुककर बारिश होती रही. इससे गुरुवार सुबह पार्वती, पपनास नदी उफान आ गई. मुगली के पास पपनास नदी के रपटे और बोरखेड़ा पार्वती नदी के पुल पर पानी आने से 20 से ज्यादा गांवों का सडक़ संपर्क टूट गया था. करीब पांच घंटे के आसपास लोग किनारों पर पानी कम होने का इंतजार करते रहे. इससे उनको परेशानी का भी सामना करना पड़ा. जब जलस्तर में कमी होती नहीं दिखी तो कुछ लोग वापस अपने घर लौट गए.
बुधनी में औसत से अधिक बारिश रिकार्ड
जिले में बीते 24 घंटे के अंदर गुरुवार सुबह 8 बजे तक 34.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है. जिसे मिलाकर एक जून से अब तक 913.7 मिमी बारिश अर्थात 35 ईंच से अधिक बारिश हुई है. इसी तरह जिले की आठ तहसीलों में बुदनी एकमात्र ऐसी तहसील है, जिसमें औसत से 121.7 मिमी अब तक ज्यादा बारिश हुई है, जबकि अन्य तहसीलों में अभी कोटा पूरा नहीं हो पाया है. सितंबर महीने के अगले 25 दिन में ही अब इस कोटे के पूरा होने की काफी उम्मीद है. मौसम विभाग की भविष्यवाणी मानें तो नया सिस्टम बनने से अभी कुछ दिन लगातार अच्छी बारिश होने का अनुमान है.
