रायसेन: थाना कोतवाली क्षेत्र के हिम्मतगढ़ में श्मशान के समीप एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला।शव पेड़ से लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक केवट के रूप में हुई है।मृतक के बड़े भाई राजकुमार केवट ने बताया कि गांव का एक युवक अभिषेक को घर से बुला कर ले गया था। रात 12 बजे अभिषेक का शव गांव के पास पेड़ से लटका मिला। राजकुमार ने बताया कि उस युवक को कई बार फोन किया। लेकिन उसने न तो फोन उठाया और न ही घटनास्थल पर आया।
परिजनों के मुताबिक, जिस पेड़ से अभिषेक का शव मिला, वह काफी छोटा था। उसके पैर जमीन से काफी नीचे थे। इस आधार पर परिजनों का आरोप है कि अभिषेक की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है।थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मर्चूरी में भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
