सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित एक बोरा गोदाम में शनिवार की देर रात आग लग गई। तेजस्वी ट्रेडर्स के गोदाम में लगी आग चलते रखा सामान खाक हो गया। ननि के 3 दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया।फर्म संचालक रविनारायण ने बताया कि वे रात 8 बजे गोदाम बंद करके घर चले गए थे। कुछ देर बाद पड़ोसी का फोन आया कि गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग को खबर की गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल गाडय़िां मौके पर पहुंचीं। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक गोदाम में रखा सारा सामान जल चुका था। गोदाम में रखी एक बाइक भी आग की चपेट में आ गई।गोदाम में प्लास्टिक और जूट के बोरे रखे थे, जिनकी सप्लाई सब्जी मंडी समेत अन्य जगहों पर की जाती थी। हाल ही में नया स्टॉक लाया गया था। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
