बक्सर: मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, ट्रेनों की आवाजाही आंशिक रूप से हुई प्रभावित

बक्सर, 16 अगस्त (वार्ता) बक्सर रेलवे स्टेशन पर आज शाम एक मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया, जिससे दिल्ली- हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही आंशिक रूप से प्रभावित हुई। यह घटना शाम लगभग छह बजे उस समय घटी जब मालगाड़ी का इंजन डाउन लाइन पर शंटिंग कर रहा था।

रेलवे ट्रैफिक इंस्पेक्टर विन्ध्याचल पांडेय ने बताया कि इंजन के पहले पहिए के पटरी से उतरने के कारण यह घटना हुई। हालांकि राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की अप्रिय सूचना प्राप्त नहीं हुई है और न ही यात्री ट्रेनों की आवाजाही पर कोई बड़ा असर पड़ा है।

उन्होंने बताया कि ट्रैक को पुनः दुरुस्त करने का कार्य तेजी से जारी है और रात में ही लाइन को पूरी तरह से क्लियर कर लिया जायेगा। मौके पर रेलवे के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद हैं और इंजन के पहिये को उठाकर ट्रैक पर लाने का कार्य किया जा रहा है।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब मालगाड़ी धीमी गति से शंटिंग कर रही थी। पटरी की मरम्मत का कार्य भी चल रहा था, ऐसे में इंजन का एक पहिया पटरी से नीचे उतर गया।

Next Post

बेंगलुरु में आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पाँच लोगों की मौत

Sat Aug 16 , 2025
बेंगलुरु, 16 अगस्त (वार्ता) हलासुरू गेट पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत नगरतापेटे स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में शनिवार तड़के लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पाँच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मदन कुमार (36), उनकी पत्नी संगीता (33), उनके बच्चे मितेश […]

You May Like