
छिंदवाड़ा। श्रावण मास की पवित्रता के बीच श्री पातालेश्वर धाम बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन, अर्चन व अभिषेक किया। उन्होंने जिले, प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
शिव महिमा का गुणगान करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि भगवान शिव स्वयंभू, शाश्वत और सर्वोच्च सत्ता हैं। मीडिया द्वारा पातालकोट में दूषित जल से हुई बच्चों की मौत पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। कहा यह केवल पातालकोट नहीं, समूचे प्रदेश की जल संकट की समस्या है। भाजपा सरकार जल जीवन मिशन में अरबों रुपये बहा रही, लेकिन ज़मीनी हकीकत यह है कि नल है तो जल नहीं, और जल है तो नल नहीं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल की भी चर्चा की और माचागोरा जलाशय सहित जिले में हुए जल प्रबंधन कार्यों को याद किया। साथ ही प्रदेश सरकार पर किसानों की समस्याएं न सुनने का आरोप लगाते हुए 20 अगस्त को उग्र आंदोलन की घोषणा की, जिससे किसानों की आवाज भोपाल और दिल्ली तक पहुंचे।
