मुर्मु और मोदी ने दिव्या देशमुख को बधाई दी

नयी दिल्ली 28 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को फिडे महिला विश्व कप जीतने तथा कोनेरू हम्पी को उपविजेता बनने के लिए बधाई दी है।

उल्लेखनीय है कि दिव्या ने सोमवार को हमवतन ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी को हराकर फिडे महिला विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। दिव्या फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गयी है।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर अपने बधाई संदेश में कहा,“ दिव्या देशमुख को मेरी हार्दिक बधाई, जो फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं, वह भी मात्र उन्नीस वर्ष की आयु में। कोनेरू हम्पी उपविजेता रहीं, और शतरंज विश्व चैंपियनशिप की दोनों फाइनलिस्ट भारत से थीं। यह हमारे देश में विशेषकर महिलाओं में, प्रतिभा को दर्शाता है। मैं कोनेरू हम्पी की सराहना करती हूं जिन्होंने अपने शानदार करियर के दौरान उत्कृष्टता बनाए रखी है। मुझे विश्वास है कि ये दोनों महिला चैंपियन और भी गौरव हासिल करेंगी और हमारे युवाओं को प्रेरित करेंगी।”

श्री मोदी ने अपने संदेश में कहा,“ दो उत्कृष्ट भारतीय शतरंज खिलाड़ियों का एक ऐतिहासिक फ़ाइनल। युवा दिव्या देशमुख के फिडे महिला विश्व शतरंज चैंपियन 2025 बनने पर गर्व है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई, जो कई युवाओं को प्रेरित करेगी।

कोनेरू हम्पी ने भी पूरी चैंपियनशिप में अपार कौशल का प्रदर्शन किया है। दोनों खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ।”

 

Next Post

नये डिजिटल क्रेडिट मूल्यांकन मॉडल पर एमएसएमई के 98,995 ऋण आवेदन मंजूर

Mon Jul 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (वार्ता) सरकार ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यम (एमएसएमई क्षेत्र) की इकाइयों की सुविधा के लिए लागू नये डिजिटल क्रेडिट मूल्यांकन मॉडल के अंतर्गत चालू वित्त वर्ष में पहली अप्रैल से 15 जुलाई के बीच सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) […]

You May Like