मांडविया ने कारगिल वीरों के सम्मान में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की अगुवाई की

अहमदाबाद/नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अगुवाई में आज अहमदाबाद में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), राष्ट्रीय सेवा योजना (एएसएस), नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस), गुजरात विद्यापीठ के कर्मी, स्थानीय साइक्लिंग समूह और फिटनेस के प्रति उत्साही 800 से अधिक प्रतिभगियों के साथ कारगिल वीरों के सम्मान में ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान में भाग लिया।

देश भर में 6000 से अधिक स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को हमारे कारगिल युद्ध के नायकों को सलाम करने और एक स्वस्थ, तंदुरुस्त भारत को बढ़ावा देने के दोहरे मिशन में एकजुट हुए। सीएपीएफ के कर्मियों ने विशेष भागीदार के रूप में प्रमुख भूमिका निभाई। श्रीनगर सेक्टर सीआरपीएफ द्वारा श्रीनगर में एक प्रमुख रैली का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने ऐतिहासिक लाल चौक घंटाघर से एसकेआईसीसी श्रीनगर तक साइकिल चलाकर राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा, “हर साल 26 जुलाई को, हम कारगिल विजय दिवस पर अपने सैनिकों की बहादुरी का सम्मान करते हैं। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए, आज हमने गर्व के साथ अपने सशस्त्र बलों के साथ ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान में हाथ मिलाया। मुझे अपने बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए हमारे सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों के साथ साइकिल चलाने का सौभाग्य मिला।”

डा. मांडविया ने कहा, “एक विकसित भारत का सपना स्वस्थ भारत से शुरू होता है। जब लोग शारीरिक रूप से स्वस्थ होते हैं, तो उनकी मानसिक और भावनात्मक क्षमता भी बढ़ती है और ऐसे व्यक्तियों से बना राष्ट्र अजेय बन जाता है। फिटनेस सिर्फ शरीर के बारे में नहीं है; यह जीवन जीने का एक तरीका है जो अनुशासन, एकाग्रता और उद्देश्य को बढ़ावा देता है। मैं हर नागरिक से आग्रह करता हूं कि वह रोजाना कम से कम एक घंटा साइकिल चलाने या शारीरिक गतिविधि के लिए समर्पित करें। जब हम साथ मिलकर चलते हैं, तो हम साथ मिलकर बढ़ते हैं। एक स्वस्थ भारत एक एकीकृत भारत है, और हम सब मिलकर एक मजबूत, स्वस्थ और अधिक आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे।”

दिल्ली में, बादलों से घिरे आसमान के बावजूद कनॉट प्लेस में आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए। शोर फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक उत्साही बाइकिंग रैली ने इस कार्यक्रम को और भी ऊर्जावान बना दिया, जिसके नेतृत्व में एक युवा दल ने शहर भर में नारे लगाए और कारगिल शहीदों की याद में तिरंगा लहराया।

दिल्ली रैली में शामिल हुए कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक कर्नल बख्शी ने कहा, “इस पहल ने हर उम्र के लोगों को एक साथ लाया है। लगभग 70 साल की उम्र में, मुझे इस प्रेरणादायक पहल का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है।”

राहगीरी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित दिल्ली संस्करण में योग, ज़ुम्बा, रस्सी कूद और बच्चों के लिए कैरम, शतरंज, लूडो और मिनी गोल्फ जैसे इंटरैक्टिव खेल भी शामिल थे।

Next Post

6 किलो गांजा, नशीले इंजेक्शन पकड़ाए 

Sun Jul 27 , 2025
जबलपुर। क्राईम ब्रांच एवं शहपुरा, गोरखपुर पुलिस ने की कार्यवाही मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में लिप्त 3 तस्करों को पकड़ा है जिनके कब्जे से 6 किलो 880 ग्राम गांजा कीमती 1 लाख 37 हजार रूपये का, 1 बिना नम्बर की एक्सिस, नगद 110 रूपये जप्त किए गए। वहीं ग्वारीघाट […]

You May Like