तिरुवनंतपुरम, 22 जुलाई (वार्ता) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन का पार्थिव शरीर आज सुबह 9 बजे से सरकारी सचिवालय स्थित दरबार हॉल में जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा।
उनके निधन के बाद, राज्य सरकार ने 22 जुलाई से तीन दिनों का राजकीय शोक और आज के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आज का सार्वजनिक अवकाश सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और बैंकों पर लागू होगा।
शोक की अवधि के दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया, “सरकारी सचिवालय में जनता का प्रवेश उत्तरी द्वार और राजकोष द्वार से होगा। अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, जनता को वाईएमसीए द्वार से बाहर निकलना होगा।”
सूत्रों ने बताया, “केवल मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और वरिष्ठ अधिकारियों के वाहनों को ही सचिवालय परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी। सचिवालय कर्मचारियों सहित अन्य सभी वाहनों को सेंट्रल स्टेडियम में पार्क करना होगा।” उन्होंने बताया कि सचिवालय परिसर के भीतर या उसके आसपास की सड़कों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। आज दोपहर, पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए अलप्पुझा ले जाया जाएगा। रात तक, पार्थिव शरीर अलप्पुझा के वेल्लिक्काकाथु स्थित उनके आवास पर पहुँचेगा, जहाँ जनता के दर्शन जारी रहेंगे।
