
झाबुआ। समूचा भीलांचल सोमवार को शिव भक्ति में सराबोर दिखाई दिया। सावन के दूसरे सोमवार को अनेक स्थानों पर रिमझिम फुहारों के बीच शिव साधक शिवालयों में पहुंचे और भोले भंडारी की भक्ति में सराबोर दिखाई दिये। नगर सहित अंचल के शिवालयों में सुबह से भक्तों की लंबी कतारें लगी। भगवान शंकर के दर्शन-पूजन के साथ भजन और बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। शिव भक्तों ने व्रत रखा रूद्राभिषेक के आयोजन किये। देर शाम तक मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। वही श्री बड़केश्वर महादेव ग्रुप द्वारा श्रावण मास में देवझिरी तीर्थ से झाबुआ तक तीसरी भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरूषों के साथ युवा एवं बच्चें सम्मिलित हुए।
शिवालयों में भक्तों का हुआ जमावडा
सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध-दही, घी-शक्कर, बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूब, श्रीफल, शहद, पंचामृत आदि से शिवलिंग का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस बीच ऊं नमः शिवाय, हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से शिवालय दिन भर गुंजायमान होते रहे। सुबह से देर शाम तक शिव साधक अपने आराध्य देव भगवान शंकर की भक्ति सागर में डुबकी लगाकर सराबोर होते रहे। शहर के सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, छोटा तालाब स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर, डीआरपी लाईन स्थित श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर, विवेकानंद कॉलोनी स्थित श्री उमापति महादेव मंदिर, कॉलेज मार्ग स्थित प्राचीन श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर, गोपाल कॉलोनी स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर, लक्ष्मीनगर कॉलोनी स्थित श्री योगेश्वर महादेव मंदिर, बाडकुंआ स्थित श्री बाडकेश्वर महादेव मंदिर, राजवाड़ा स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। मंदिरों में फरियाली खिचड़ी की प्रसादी वितरण के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी दिनभर संपन्न हुए।
