
भोपाल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में सदस्यता प्रक्रिया रविवार शाम को पूर्ण हो गई। इस बार रिकॉर्डतोड़ भागीदारी रही, जिसमें प्रदेशभर के लगभग 16 लाख युवाओं ने संगठन की सदस्यता ली। प्राप्त नामांकन फॉर्मों पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई के बाद स्क्रूटनी की गई और उम्मीदवारों की सूची जारी की गई।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 18 और प्रदेश महासचिव पद हेतु 182 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। सदस्यता के साथ ही युवाओं ने अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को वोट भी दिया। प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने बताया कि युवा कांग्रेस देश का एकमात्र राजनीतिक संगठन है जो पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव कराता है, जो भाजपा की मिस कॉल सदस्यता से भिन्न है। कांग्रेस में दस्तावेज जांच और 50 रुपए शुल्क के बाद ही सदस्यता दी जाती है।
तकनीकी कारणों से कुछ युवाओं की भुगतान प्रक्रिया में दिक्कतें आईं, जिन्हें 22 जुलाई तक का समय दिया गया है। स्क्रूटनी के दौरान त्रुटिपूर्ण दस्तावेज पाए जाने पर सदस्यता निरस्त की जाएगी। यह प्रक्रिया दो माह में पूर्ण होगी। अध्यक्ष पद के टॉप-3 उम्मीदवारों को दिल्ली में इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
