इंदौर: शिलांग में गायब हुए इंदौरी कपल केस में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्तों के साथ मिलकर पति राजा रघुवंशी की हत्या कर दी। सोनम का अपने ही ऑफिस में काम करने वाले पांच साल छोटे राज कुशवाह से अफेयर था। इसी प्रेम संबंध के चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, सोनम ने हत्या के बाद नेपाल भागने की योजना बनाई थी, लेकिन गाजीपुर से गिरफ्तार कर ली गई। इस मामले में सोनम समेत चार आरोपी—राज कुशवाह, विशाल सिंह, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत को पकड़ा गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सोनम प्लाईवुड का व्यापार करती है, जहां राज कुशवाह बिलिंग स्टाफ था। दोनों के बीच अफेयर चला और जब पति आड़े आया तो उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
सोनम और राज ने विशाल, आनंद और आकाश को पहले ही गुवाहाटी भेज दिया था। वहां से तीनों शिलांग पहुंचे और सोनम-राजा का पीछा करते हुए डबल डेकर एरिया तक आए। इसी दौरान सुनसान जगह पर सोनम ने राजा की हत्या कर दी। हत्या के बाद सोनम वाराणसी और गोरखपुर होते हुए नेपाल भागने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रेस कर गाजीपुर से दबोचा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
