राजग 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की सरकारों को उखाड़ फेंकेगा: अमित शाह

चेन्नई, 8 जून (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकेगा और अगले साल इन दोनों राज्यों में एनडीए की सरकार बनेगी।

मदुरै में मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद राज्य, जिला और मंडल स्तर के पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2026 के चुनावों में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की हार होगी और भाजपा-अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि तमिलनाडु के अलावा पश्चिम बंगाल में भी राजग 2026 में सरकार बनाएगा।

द्रमुक की 100 प्रतिशत विफल सरकार के रूप में आलोचना करते हुए श्री शाह ने राज्य के स्वामित्व वाले टीएएसएमएसी में ईडी द्वारा उजागर की गई कथित 1000 करोड़ रुपये की अनियमितताओं का हवाला दिया।

उन्होंने कहा “ इन निधियों का उपयोग करके, राज्य भर में प्रत्येक स्कूल में कम से कम दो कक्षाएं बनाई जा सकती थीं।”

उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में रहते हैं, लेकिन उनके कान हमेशा तमिलनाडु पर रहते हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन की टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कि ‘अमित शाह भी नहीं, कोई शाह तमिलनाडु पर शासन नहीं कर सकता’, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री स्टालिन सही हैं।

उन्होंने कहा “ यह मैं नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लोग आपको (द्रमुक) हराएंगे।”

इससे पहले, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तमिल में बात न कर पाने के लिए उनसे माफ़ी मांगी जिसे उन्होंने सबसे बेहतरीन भाषाओं में से एक बताया।

Next Post

पौधरोपण: BJP प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी ने सिंदूर,बेल पत्र व आंवले का पौधा लगाया

Sun Jun 8 , 2025
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने रविवार को अरेरा मंडल के वार्ड क्र. 49 के बूथ क्र. 184 स्थित अशोक सोसाईटी मैदान परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर, बैल पत्र एवं आंवले का पौधारोपण किया। […]

You May Like