पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है : योगी

कोलकाता, 22 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोलकाता के जोरासांको में अपनी पहली जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने दावा किया कि जब चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होंगे, तो राज्य में भाजपा का ‘भगवा ध्वज’ शान से लहरायेगा। सभा में बड़ी संख्या में समर्थक ऐसे पोस्टर लेकर पहुंचे थे, जिन पर लिखा था, “योगी जी, बुलडोजर लाइए, हम आपके साथ हैं।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान में करीब 80 प्रतिशत सीटें जीतने के लिए तैयार है और राज्य में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “बंगाल की पहचान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता” और लोगों से अपने वोट का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि तृणमूल बंगाली पहचान के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा, “बंगाल की पहचान काबा से नहीं, बल्कि मां कालीबाड़ी से है।” उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्हें ‘बुआ और भतीजा’ कहा और कहा कि वे राज्य के अस्तित्व को कमजोर कर रहे हैं।

जोरासांको में रवींद्रनाथ टैगोर की ‘ठाकुरबाड़ी’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र बंगाल की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जबरन ममता बनर्जी की तस्वीर वहां लगा दी जहां गुरुदेव और भारत माता की तस्वीरें होनी चाहिए थीं, जो बंगाल की अस्मिता का अपमान है।

श्री योगी ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कभी पूरे देश से लोग रोजगार के लिए बंगाल आते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गयी है। उनके अनुसार, पिछले वर्षों में हजारों उद्योग और एमएसएमई इकाइयां बंद हो गयी हैं, जिससे लाखों युवा बेरोजगार हो गये हैं।

अपने संबोधन में श्री आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के ‘कानून-व्यवस्था मॉडल’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता थी, लेकिन अब राज्य में ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा’ की स्थिति है और धार्मिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गयी है और उनकी संपत्तियों पर गरीबों के लिए आवास बनाये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने जोरासांको से विजय ओझा, मानिकतला से तापस रॉय, चौरंगी से संतोष पाठक, श्यामपुकुर से पूर्णिमा चक्रवर्ती, बेलियाघाटा से पार्थ चौधरी और एंटली से प्रियंका टिबरेवाल के लिए वोट करने की अपील की।उन्होंने कहा कि केवल ‘डबल इंजन सरकार’ ही विकास और विरासत दोनों को संरक्षित कर सकती है, और अब बंगाल को फिर से ‘सोनार बांग्ला’ बनाने का समय आ गया है।

 

 

 

Next Post

कोच पर हमले के आरोप में पुडुचेरी के तीन क्रिकेटर निलंबित

Wed Apr 22 , 2026
पुडुचेरी, 22 अप्रैल (वार्ता) पुडुचेरी के तीन क्रिकेटरों – जे कार्तिकेयन, ए अरविंदराज और एस संतोष कुमारन – को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी (सीएपी) द्वारा आयोजित “सभी क्रिकेट गतिविधियों” से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई अंडर-19 कोच पर हमले के आरोपों के बाद की गई है। एक बयान […]

You May Like