सतना: चित्रकूट दर्शन के बहाने घर से निकले यूपी के दो युवक प्रेमिकाओं से मिलने पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई की और मंदिर में जबरन विवाह करवा दिया। दोनों नाबालिग थे। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने जांच शुरू की है। परिजन और ग्रामीण अब मामले पर चुप्पी साधे हैं। इस मामले में यह जानकारी भी सामने आई कि ग्रामीणों द्वारा लगभग दो दिनों तक लडक़ों को गांव में ही बंधक बनाकर रखा गया।
जिसके बाद उनकी दुल्हन के साथ उन्हें उनके गांव की ओर रवाना कर दिया गया। बताया गया कि लडक़ों के परिजनों ने अपने बेटों को दुल्हन के साथ देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.परिजनों का कहना है कि लडक़े सिर्फ रिश्तेदारी में मिलने गए थे. लेकिन उनके साथ किया गया व्यवहार न सिर्फ कानून बल्कि मानवता के भी खिलाफ है। वहीं मामला गंभीर हो जाने पर गांव में सन्नाटा पसर गया है और ग्रामीण इसे लेकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
