भोपाल, 10 मई मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति के घर पर छापामार कर लगभग 32 लाख रुपए की नगद राशि बरामद की है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर कल देर रात शहर के अशोका गार्डन इलाके के पंथ नगर निवासी कैलाश खत्री के निवास पर छापा मारा गया। मौके से एक पलंग में छुपाकर रखी गई नोटों की गड्डियां मिली। इसमें नए नोटों साथ पुराने सडे-गले नोट भी शामिल हैं। इस बारे में आरोपी द्वारा कोई भी दस्तावेज पेश नहीं करने के चलते इस राशि को जब्त कर लिया गया है। जब्त राशि लगभग 32 लाख रुपए है। पुलिस ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी है। आयकर विभाग इसकी जांच कर रहा है। इस मामले को हवाला कारोबार से जोड़कर देखा जा रहा है।