जबलपुर: प्रदेश भर के एक्सीलेंस कॉलेजों में शिक्षकों के पद अभी तक नहीं भर पाए हैं जिस कारण उच्च शिक्षा विभाग ने तैनाती की अवधि को 3 माह के लिए बढ़ा दिया है। आपको बता दें कि पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में जबलपुर जिले में सबसे ज्यादा 7 शिक्षकों की संख्या है जबकि भोपाल में 6, देवास में 6, उज्जैन में 5, रीवा में 3, उमरिया में 2, नेपानगर में 2, इंदौर में 3, बुढ़ार शहडोल में 1, बड़वानी में 1, खंडवा में 1, झाबुआ में 1, रतलाम में 1, पन्ना में 2, राजगढ़ में 2, और हरदा में 3 शिक्षक हैं।
जानकारी के अनुसार प्रदेश भर के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में बीते 11 माह से कुुछ विषयों के शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है। लिहाजा कॉलेजों को शुरू करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने दूसरे कॉलेजों के विषय विशेषज्ञों को पदस्थ कर दिया था, लेकिन अब तक इन पदों पर भर्ती न होने से विभाग ने तैनाती की अवधि को बढ़ाने का फैसला ले लिया। जानकारी के अनुसार जिन विषयों के शिक्षकों की तैनाती की जानी है उनमें भौतिक शास्त्र, भूगोल, इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, वनस्पतिशास्त्र, गणित, संगीत, चित्रकला, मनोविज्ञान, वाणिज्य, रसायनशास्त्र, संस्कृत विषय शामिल हैं।
