महिलाओं, बालिकाओं का दर्द सुनने थानों में महिला सब इंस्पेक्टर नहीं
जबलपुर: महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भले ही लाख दावे कर लिए जाए लेकिन हकीकत कुछ और ही हैं। न्याय की पहली मंजिल में ही पीडि़ताओं को अपना दर्द सुनाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। दरअसल जिले में 38 थाने है जिसमेंं से शहर में 24 और ग्रामीण अंचल में 14 है। इनमें एक दर्जन से अधिक थानों में महिलाओं, बच्चियों को आपबीती सुनाने के लिए घंटों का इंजतार करना पड़ता है.
इनमें से अधिकांश में महिला सब इंस्पेक्टर नहीं है और कुछ थानों की महिला सब इंस्पेक्टर लंबी छुट्टी पर है। ऐसे में जिन थानों में महिला थाना प्रभारी है तब तो ठीक है अगर नहीं है तो फिर दूसरे थानों से महिला सब इंस्पेक्टर को बुलाना पड़ता है, ऐसे में पीडि़ताओं को महिला अधिकारी के आने का इंतजार करना पड़ता है जिसके बाद उनके बयान दर्ज होते है तब कहीं जाकर एफआईआर हो पाती हैं।
जिले में बल की कमी, 940 पद रिक्त
पूरा जिला पुलिस बल की कमी से जूझ रहा है। जिसमें करीब 940 पद रिक्त पड़े है इसमें एएसपी, डीएसपी, निरीक्षक, उप निरीक्षक, सूबेदार, एएसआई, आरक्षक शामिल है। इसी प्रकार महिला सब इंस्पेक्टरों के पद भी रिक्त पड़े है।
सुबह से हो जाती है शाम
दुष्कर्म, छेड़छाड़ जैसे गंभीर मामलों में सुनने का अधिकार महिला सब इंस्पेक्टर को ही है। अगर जिन थानों में महिला सब इंस्पेक्टर नहीं है वहां अपराध होते है तो पीडि़तों को अपनी फरियाद सुनाने और एफआईआर तक की प्रक्रिया में सुबह से शाम तक भी इंतजार करना पड़ जाता है।
ये लंबी छुट्टी पर है
कैंट, सिविल लाइन, कटंगी, रांझी थाने में महिला सब इंस्पेक्टर पदस्थ है लेकिन लंबी छुट्टी पर है। कटंगी में महिला थाना प्रभारी है लेकिन बाकी तीन में पीडि़ताओं की सुनवाई मेंं दिक्कत हो रही है।
यहां नहीं है महिला सब इंस्पेक्टर
तिलवारा, सिविल लाइन, चरगवां, तिलवारा, विजय नगर
रांझी, संजीवनी नगर, कैंट, शहपुरा, मझगवां, भेड़ाघाट, खितौला, भेड़ाघाट, खमरिया, कुंडम में महिला सब इंस्पेक्टर नहीं है।
यहां महिला टीआई
गोहलपुर, कटंगी, भेड़ाघाट, खमरिया, खितौला, बेलखेड़ा, महिला थाना की कमान महिलाओं ने संभाली है। जिसके चलते इन थानों में महिला सब इंस्पेक्टर की अनुपस्थिति में पीडिताओं की सुनवाई में देरी नहीं होती है लेकिन बाकी थानों के हाल बुरे है।
यहां सिर्फ एक-एक तैनात
अधारताल, लार्डगंज, हनुमानताल, मदनमहल, गढ़ा, ओमती, बेलबाग, घमापुर, गोहलपुर, गोराबाजर, गोरखपुर, गोसलपुर, ग्वारीघाट, कोतवाली, माढ़ोताल, पनागर, पाटन, मझौली, बरगी, बेलखेड़ा, सिहोरा, कटंगी में एक-एक महिला सब इंस्पेक्टर तैनात है। अगर इन्हें छुट्टी पर जाना पड़ जाए और तभी कोई महिला संबंधित अपराध हो जाए तो दूसरे थानों से महिला सब इंस्पेक्टर को बुलाना पड़ जाता है।
इनका कहना है
थानों में महिला सब इंस्पेक्टर की कमी है जहां महिला सब इंस्पेक्टर नहीं है वहां दूसरे थानों से महिला अधिकारी को बुलाया जाता है। रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है।
संपत उपाध्याय, एसपी
