निगम आयुक्त द्वारा शासकीय पशु चिकित्सालय का निरीक्षण
इंदौर: आयुक्त शिवम वर्मा द्वारा आज शासकीय पशु चिकित्सालय, छावनी का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने श्वान नसबंदी कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर चल रहे कार्यों का अवलोकन किया. इस दौरान अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर उत्तम यादव एवं अन्य उपस्थित थे.
वर्तमान में चिकित्सालय में प्रतिदिन लगभग 60 श्वानों की नसबंदी की जा रही है.
आयुक्त ने इस कार्य को और अधिक प्रभावी तथा तीव्र गति से संचालित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नगर में श्वानों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी कार्य अत्यंत आवश्यक है. इस दिशा में त्वरित एवं संगठित प्रयास किए जाने चाहिए, जिससे नागरिकों को आवारा श्वानों की समस्या से राहत मिल सके.
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संसाधनों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करते हुए प्रतिदिन कम से कम 150 श्वानों की नसबंदी सुनिश्चित की जाए। साथ ही नसबंदी के उपरांत श्वानों की देखभाल, चिकित्सकीय उपचार और पुनः प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की प्रक्रिया को भी मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।
