नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ ने बिहार के बोध गया स्थित महाबोधि मंदिर को बौद्ध समाज को सौंपने की सरकार से मांग करते हुये कहा कि मंदिर की प्रबंध समिति में हिन्दू सदस्यों का होना अनुचित है।
शून्य काल में उन्होंने यह मुद्दा उठाते हुये कहा कि बौद्ध समाज के लोग मंदिर को उन्हें सौंपने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी मांगें मानी जानी चाहिये।
भारत आदिवासी पार्टी के राजकुमार रोत ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत पारिश्रमिक भुगतान समय पर न होने का मामला उठाते हुये कहा कि समय पर भुगतान न होने से लाभार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस योजना के तहत पंजीकृत कामगारों की हाजिरी लगाने की व्यवस्था में सुधार किये जाने की भी सरकार से मांग की।
द्रमुक के जी सेल्वम ने तमिलनाडु की मनरेगा योजना के तहत लंबित राशि जारी किये जाने की मांग की।
समाजवादी पार्टी के आनंद भदौरिया ने उत्तर प्रदेश के धौरहरा क्षेत्र में हर वर्ष आने वाली बाढ़ से निजात दिलाने की सरकार से मांग करते हुये कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिये। उन्होंने बाढ़ से क्षेत्रवासियों को होने वाले नुकसान का जिक्र करते हुये मांग की कि बांध और तटबंध बनाकर इस समस्या को दूर किया जाना चाहिये। कांग्रेस के इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर क्षेत्र के अस्पतालों में कैंसर और गुर्दे के पीड़ितों के उपचार के लिये बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराने की सरकार से मांग की।
