
गुना। शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र में बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे एक गुमठी में भीषण आग लग गई। आगजनी की घटना में हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं आसपास लगे पेड़-पौधे भी आग की चपेट में आ गए। आगजनी से उठने वाला धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया। आग पर काबू पाने में भी काफी समय लग गया।
बता दें कि बूढ़े बालाजी और हनुमान मंदिर को जोडऩे वाली पुलिया के समीप एक परिवार द्वारा गुमठी रखकर गुटखा, सिगरेट, तम्बाकू आदि बेचकर अपना गुजारा किया जा रहा था। बुधवार को इसी गुमठी में अचानक आग लग गई। इस दौरान आग की लपटें उठते देख लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पार्षद और सक्रिय लोग मौजूद पहुंचे। कुछ देर बाद नगरपालिका का एक टैंकर भी आग बुझाने के लिए मौके पर रवाना हो गया। हालांकि आगजनी की घटना अनुमान से ज्यादा भीषण साबित हुई और देखते ही देखते गुमठी में लगी आग ने इसके पीछे बने एक लकड़ी के स्ट्रेक्चर और पेड़-पौधों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद आग से निकलने वाला धुआं भी काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। हालांकि सभी की सामूहिक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक गुमठी में रखा लगभग 25 हजार रुपए का सामान जलकर राख में तब्दील हो चुका था। वहीं घटनाक्रम के दौरान लोगों का भारी हुजूम भी मौके पर एकत्रित हो गया। लेकिन ज्यादातर लोग तमाशबीन बनकर ही रह गए और देखते ही देखते एक गरीब परिवार के रोजगार का मुख्य स्त्रोत गुमठी में रखा सामान राख के ढेर में बदल गया।
