
० कलेक्टर से शिकायत कर भ्रष्ट सचिव को पुन: खोरी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार दिलाने मोटी रकम लेने का अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत सीधी के ऊपर लगाए गए गंभीर आरोप
नवभारत न्यूज
सीधी 7 फरवरी। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे दबंग सचिव को खोरी पंचायत का पुन: अतिरिक्त प्रभार दिया जा रहा है? कलेक्टर से शिकायत कर भ्रष्ट सचिव को पुन: खोरी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार दिलाने मोटी रकम लेने का अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत सीधी के ऊपर गंभीर आरोप लगाये गये हैं।
जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरी के पंच द्वारा कलेक्टर सीधी को 6 फरवरी को दिये गये शिकायती पत्र में कहा गया है कि पूर्व सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी को पुन: खोरी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार दिया जा रहा है। जबकि सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी के विरूद्ध सत्र प्रकरण क्रमांक/164-2015 म.प्र. राज्य बनाम कौशलेन्द्र द्विवेदी एवं एक अन्य प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सीधी के न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया था। वहीं ग्राम सभा सम्मिलन का संकल्प पत्र व ग्राम सभा का प्रस्ताव सम्मिलन दिनांक 28 जनवरी 2025 को यह प्रस्ताव पारित किया गया कि कौशलेन्द्र द्विवेदी को ग्राम पंचायत खोरी का अतिरिक्त प्रभार न दिया जाय। उनको अतिरिक्त प्रभार दिये जाने से पंचायत में कानून व्यवस्था की स्थिति बड़ी अराजक व हिंसा होगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी की होगी।
एडिशनल सीईओ अशोक तिवारी द्वारा रिश्वत लेकर पुन: ग्राम पंचायत खोरी का अतिरिक्त प्रभार जिला सीईओ सीधी के द्वारा आदेशित कराया गया है जिसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाय। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि खोरी पंचायत के सरपंच एवं पूर्व सचिव (अतिरिक्त प्रभार) कौशलेन्द्र द्विवेदी के 22 अगस्त 2023 से 15 मार्च 2024 तक के किये गये फर्जी ग्राम सभा 5वें व 15वें वित्त से 5 से 6 लाख रूपये के फर्जी आहरण व राशि गबन की जांच कार्यपालिक मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी से कराकर वसूली करायी जाय।
००
घोटालों की जांच से बचने पुन: लिया जा रहा प्रभार
ग्राम पंचायत खोरी में सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी द्वारा पुन: अतिरिक्त प्रभार पूर्व के घोटालों की जांच से बचने के लिये लिया जा रहा है। जबकि ग्राम सभा में भ्रष्ट सचिव को पुन: प्रभार नहीं देने का निर्णय लिया गया है। ग्राम सभा के सम्मिलन की कार्यवाई 28 जनवरी 2025 को पंच दीपक सिंह की अध्यक्षता में हुई थी। बैठक के दौरान प्रस्ताव क्रमांक 38 में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया था कि कौशलेन्द्र प्रसाद द्विवेदी को ग्राम पंचायत खोरी का सचिवीय प्रभार नहीं दिया जाना उचित होगा।
००
भ्रष्ट सचिव को पुन: प्रभार मिला तो हाईकोर्ट जाऊंगा: दीपक
ग्राम पंचायत खोरी के पंच दीपक सिंह चौहान ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में लोकतंत्र का सबसे पहला पायदान ग्राम पंचायत के पंच के अधिकारों का हनन शासन व प्रशाशन दोनों मिलकर कर रहे हैं। यदि भ्रष्टाचारी पूर्व सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी को पुन: ग्राम पंचायत खोरी का .प्रभार दिया जाता है तो में इस अन्याय के विरुद्ध माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर करूंगा।
००
सीईओ की निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर खड़े हो सकते हैं सवाल…
ग्राम पंचायत खोरी में भ्रष्टाचार की मिशाल कायम कर जेल की हवा खाने वाले ग्राम पंचायत कुबरी के दबंग सचिव कौशलेंद्र द्विवेदी जिनके खिलाफ ग्राम पंचायत खोरी में अतिरिक्त प्रभार के दौरान किये गये घोटालों की जांच कई शिकायतों के बाद आज तक पूरी नही कराने की जगह पुन: ग्राम पंचायत खोरी का यदि अतिरिक्त प्रभार दिया जाता है तो जिले में पदभार ग्रहण करते ही भ्रष्टाचारियों के ताबड़तोड़ कार्यवाही करने वाले जिला पंचायत के सीईओ अंशुमान राज की बनी निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
००
इनका कहना है
प्रकरण आपके माध्यम से संज्ञान मे आया है, उभय पक्ष को सुनवाई का अवसर देते हुए विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सीधी
ग्राम पंचायत खोरी में सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी को पुन: अतिरिक्त प्रभार की अनुशंसा सीईओ जनपद पंचायत सिहावल द्वारा की गई है। मेरे खिलाफ जो शिकायत की गई है वो निरर्थक और मनगढ़ंत है। जहां तक सचिव को अतिरिक्त प्रभार का आदेश मेरे हस्ताक्षर से नही होता है।
अशोक तिवारी, प्रभारी अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत सीधी
००००००००००००
