खरगोन, 25 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर में ‘म्यूजिक सिस्टम’ वाली श्रीमाधव आश्रम गौशाला में बायोगैस संयंत्र का भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया।
डॉ. यादव ने कल शाम श्रीमाधव आश्रम गौशाला पहुंचकर गौ-पूजन किया। उन्होंने गौ-पूजन कर गौमाता को गुड़ के लड्डू और गौ ग्रास खिलाया। मुख्यमंत्री ने 26.93 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले बायोगैस संयंत्र का भूमिपूजन किया।
गुजरात के आनंद में स्थित राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से बॉयो गैस संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिससे उच्च गुणवत्ता की जैविक तरल व जैविक खाद प्राप्त होगी। श्री माधव आश्रम न्यास के सचिव अमित जोशी ने बताया कि यह गौशाला 2012 से संचालित की जा रही है। इस गौशाला में वर्तमान में 177 गौवंश हैं। इस गौशाला का संचालन समाज सेवियों द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस गौशाला में वर्ष 2024 से निमाड़ी गाय की नस्ल को सुधारने के लिए केंद्र विकसित किया गया है।
इस प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण कृषकों को गौवंश के सुधार के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने बताया कि गौशाला में पंचगव्य से उत्पादों का निर्माण और गौ आधारित खेती करने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। गौशाला में जैविक खाद निर्माण एवं गोबर प्रबंधन के लिए मॉडल स्वरूप बायोगैस संयंत्र की भी स्थापना की जा रही है।
इस गौशाला में गौवंश के लिए म्यूजिक सिस्टम स्थापित कर प्रयोग किया जा रहा है, जिससे कि उनके स्वास्थ्य में आने वाले परिवर्तन को देखा जा सके। यह म्यूजिक सुबह 05 बजे से 6ः30 बजे तक तथा शाम को 6ः30 से 08 बजे तक गौवंश को सुनाया जाता है।
श्री जोशी ने बताया कि हमने कुछ स्थानों पर स्थापित गौशालाओं में म्यूजिक सिस्टम देखा था। और वहां बताया गया था कि इन गायों में कम बीमारी होती है, और वे स्वस्थ रहती हैं। उन्होंने बताया कि गायों को श्री सूक्त, बांसुरी वादन, विष्णु पाठ आदि सुनाया जाता है।

