खार्तूम, (वार्ता) पश्चिमी सूडान में उत्तरी दारफुर राज्य के एक गांव पर अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के हमले में कम से कम 18 नागरिक मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए। एक सरकारी अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक इब्राहिम खातिर ने बताया, “शनिवार को, आरएसएफ मिलिशिया ने उत्तरी दारफुर में उम कददा जिले के पूर्व में जेबेल हिल्ला गांव में नरसंहार किया।” उन्होंने “आरएसएफ द्वारा नागरिकों को संगठित रूप से निशाना बनाने और अंतरराष्ट्रीय कानून और मानदंडों के उल्लंघन ”के लिए की निंदा की।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों से अपराधियों को जवाबदेह ठहराने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। आरएसएफ ने घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
इस बीच सूडानी सशस्त्र बल (एसएएफ) के छठे इन्फैंट्री डिवीजन की कमान ने एक बयान में कहा कि उसके युद्धक विमानों ने शनिवार को उत्तरी दारफुर की राजधानी एल फशर के उत्तरपूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में आरएसएफ सभाओं और आंदोलनों को निशाना बनाते हुए तीन हवाई हमले किए। जिसमे 40 से अधिक आरएसएफ सेनानियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
