ग्वालियर:आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अपने जिलाध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। ग्वालियर जिले की जिम्मेदारी एमईएस के कांट्रैक्टर अमिताभ पांडेय को दी गई है। अमिताभ पांडेय छात्र जीवन से राजनीति से जुड़े हुए हैं और उन्होंने अपना पद संभालते हुए आगे की रणनीति बताई। अमिताभ पांडेय ने कहा कि 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी फिर से जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा- ‘हम दिल्ली में रिकॉर्ड जीत दर्ज कर रहे हैं और ग्वालियर से हमारे डेढ़ सौ से ज्यादा कार्यकर्ता दिल्ली में प्रचार में जुटे हैं। अरविंद केजरीवाल के काम को लोग देख रहे हैं।
आम आदमी पार्टी ने ग्वालियर-चंबल अंचल के जिलाध्यक्ष के नाम घोषित किए हैं। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल की अनुशंसा पर प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता ने की। नए जिलाध्यक्ष में ग्वालियर में अमिताभ पांडेय, शिवपुरी में राजकुमार गुप्ता, भिंड में अखिलेश सिंह कुशवाह, श्योपुर में अनिल मीणा, मुरैना में श्रीकृष्ण कुशवाह और गुना में एडवोकेट दिनेश कुमार श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है।
