मणिपुर, पूर्वोत्तर का विकास होगा तो भारत चमकेगा: अमित शाह

इंफाल, 15 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को हप्ता कांगजीबुंग में एक जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि मणिपुर और पूरा पूर्वोत्तर इतना महत्वपूर्ण है कि जब वे तरक्की करेंगे तो पूरा देश आगे बढ़ेगा।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्वोत्तर और मणिपुर के मित्र हैं। उन्होंने लोगों से श्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनने और मणिपुर को बचाने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को बांटने में लगी है और उसने दक्षिण और उत्तर भारत की राजनीति शुरू कर दी है।

उन्होंने लोगों को 14 अप्रैल, 1944 की घटना की याद दिलाई, जब आईएनए द्वारा मोइरांग में पहली बार भारतीय ध्वज फहराया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राम मंदिर बनाने और देश में शांति लाने के लिये अलगाववादी आंदोलन से लड़ने का अपना वादा पूरा किया है। पिछले 10 वर्षों के दौरान 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया,80 करोड़ लोगों को मुफ्त भोजन दिया जा रहा है, चार करोड़ लोगों को घर दिये गये, 14 करोड़ लोगों को नल से पानी दिया गया।

श्री शाह ने कहा कि सरकार ने विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ 10 समझौतों पर हस्ताक्षर किये और 9000 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। प्रधानमंत्री ने 70 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया और मंत्रियों ने 700 बार इस क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि छोटे राज्य देश की आत्मा हैं। प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने असम को अलविदा कह दिया था और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मन में छोटे राज्यों के प्रति बहुत कम सम्मान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि श्री इबोबी सिंह की 15 साल की सरकार के दौरान आये दिन फर्जी मुठभेड़ों से मणिपुर उथल-पुथल में था। उन्होंने कहा, मणिपुर में कुकी नागा संघर्ष में 750 लोगों की, मैतेई पंगल संघर्ष में 100 लोगों की और कुकी पाइते संघर्ष में 350 लोगों की मौत हुई है।

उन्होंने कहा कि अवैध प्रवासी राज्य की जनसांख्यिकी को बदलने की कोशिश कर रहे हैं और इसे रोकने के लिये भारत-म्यांमार सीमा को बाड़ लगाकर सुरक्षित किया जायेगा। नशीली दवाओं और अवैध प्रवासियों की गतिविधियों को रोकने के लिये मुक्त आवाजाही व्यवस्था को हटा दिया गया है।

उन्होंने इनर मणिपुर में भाजपा उम्मीदवार डॉ. टी. बसंता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने का आश्वासन दिया, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री टी. चाओबा के पुत्र हैं।

उन्होंने कहा, “ भाजपा भ्रष्टाचार को खत्म करने और एक मजबूत, जीवंत देश बनाने की कोशिश कर रही है। इंफाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे अमित शाह मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और पार्टी नेताओं के साथ सीधे बैठक स्थल पर चले गए। बैठक को संबोधित करने के बाद अमित शाह भाजपा कार्यालय में एक कार्यालय का उद्घाटन करने गये और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। ”

गृह मंत्री के दौरे के लिये विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। मणिपुर में 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को मतदान होगा।

Next Post

अदालत ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 23 अप्रैल तक बढ़ाई

Mon Apr 15 , 2024
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली की एक विशेष अदालत ने आबकारी नीति 2021-22 कथित घोटाले से संबंधित धनशोधन के एक मुकदमे में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत सोमवार को 23 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी। राऊज एवेन्यू स्थित काबेरी बावेजा की विशेष अदालत […]

You May Like