रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में नहीं जाने वाली कांग्रेस देश प्रदेश का नहीं कर सकती भला: यादव

राजगढ, 08 अप्रैल  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग हम सबके आराध्य भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा में भी नहीं जा पाए, वे लोग क्या देश और देशवासियों का भला करेंगे। अब ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है।

डॉ यादव ने यह आरोप राजगढ़ एवं सारंगपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग एवं पार्टी प्रत्याशी रोडमल नागर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश-प्रदेश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। हर तरफ विकास ही विकास नजर आता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में इतिहास रचा है। अंग्रेजों के जमाने में बिछाई गई रेल लाइन को कांग्रेस ने 70 साल तक राज करने के बाद भी दुरूस्त नहीं किया, लेकिन पिछले 10 वर्षों में नई रेलवे लाइनें बिछाकर प्रधानमंत्री ने अपने इरादे भी जाहिर कर दिए। मध्यप्रदेश को रेलवे से कई सौगातें मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि भाजपा गरीबों, किसानों, महिलाओं की पार्टी है। यहां पर गरीबों का सम्मान किया जाता है। कांग्रेस तो 70 साल तक देश में राज करने के बाद भी गरीबी नहीं हटा सकी, लेकिन भाजपा का तो राजनीति में लक्ष्य ही गरीबों का उन्मूलन और उनका उत्थान करना है। देश से गरीबी हटाना है और हर व्यक्ति को सक्षम बनाना है। भाजपा गरीबों का सम्मान करती है, उनके लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी दिन-रात सेवाकार्य में जुटे हुए हैं। अब प्रदेश की भाजपा सरकार भी गरीबों के लिए एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं देने जा रही है, ताकि किसी भी गरीब को जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों से वादा किया था कि उनके गेहूं को सरकार 2700 रूपए प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। इस वर्ष सरकार ने समर्थन मूल्य 2275 रूपए के साथ में 125 रूपए बोनस देकर 2400 रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का निर्णय लिया है। यह समर्थन मूल्य हर वर्ष बढ़ाकर 3 हजार रूपए प्रति क्विंटल तक ले जाया जाएगा। किसानों को उनकी उपज का भरपूर दाम दिया जाएगा यह वादा भाजपा की सरकार एवं प्रधानमंत्री श्री मोदी का है।

श्री यादव ने राजगढ़ में विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के हर बूथ पर जीत के लक्ष्य को हासिल करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता मैदान में जुट जाएं। इस बार 400 पार के संकल्प को हर हाल में पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां पर कार्यकर्ता को ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री बनाया जाता है। इसका उदाहरण देश और प्रदेश में है। भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत और शक्ति है, जो उसकी जीत में मुख्य किरदार निभाता है।

मुख्यमंत्री के समक्ष सारंगपुर विधानसभा सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र व्यास, ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश व्यास सहित कांग्रेस के 40 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। डॉ मोहन यादव ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।

Mon Apr 8 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email इंदौर : इस अवसर पर मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट,इंदौर लोकसभा प्रत्याशी शंकर ललवानी ,महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़ ,पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार,संजय शुक्ला,पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता एवं भाई नरेंद्र सलूजा उपस्थित रहे। Total 0 Shares […]

You May Like