डीआरपी लाईन में शहीद दिवस पर शहादत को किया नमन
खरगोन। डीआरपी लाईन में शहीद दिवस पर श्रद्धाजंलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे हुई। उप महानिरीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी धर्मराज मीना के पहुंचने पर सलामी दी गई। एसपी ने डायस पर नामावली का वाचन किया। जिसमें 1 सितम्बर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक देश में भारतीय पुलिस बल के 216 अधिकारी, जवानों के नाम उल्लेखित किया। 23 पुलिसकर्मी मध्यप्रदेश पुलिस सेवा व जिला खरगोन से इस अवधि में 04 पुलिसकर्मी जिनमे उप निरीक्षक रमेश भास्करे, उप निरीक्षक विमल तिवारी, सहायक उप निरीक्षक संजय पांडे एवं आरक्षक मनोज कुमरावत कर्तव्य के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए है। पाल बेरियर पार्टी द्वारा शहीदों की नामावली डायस पर रखी गई। इसके बाद शहीद स्मारक पर देश की आंतरिक सुरक्षा के दौरान अपनी शहादत देने वाले वीर सैनिकों को याद कर उनकी शहादत को नमन किया गया। जिला पुलिस बल के जवानों ने शस्त्र झुकाकर और मौन धारण कर शहीदों को श्रृद्धांजलि अर्पित की। पुलिस उपमहानिरीक्षक, एसपी, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, विधायक बालकृष्ण पाटीदार सहित आला अधिकारियों की उपस्थिति में अमर जवान ज्योति स्थल (शहीद स्माकर) पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पुष्पांजलि के बाद परेड मार्च निकाला गया। इस दौरान 7 अप्रैल 2016 में भूतड़ी अमावस्या पर बड़वाह के नावघाटखेड़ी में ड्यूटी के दौरान नर्मदा नदी में बालक अंतरिक्ष उपाध्याय को डूबने से बचाने में अदम्य साहस का परिचय देते हुए शहीद प्रधान आरक्षक बसंत वर्मा के परिवार का शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों की शहादत को याद करते हुए हर वर्ष दिनांक 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
….