प्रदेश स्तरीय उपवास में शामिल हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सरकार पर लगाए आरोप

भोपाल, 19 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस के ‘बेटी बचाओ अभियान’ के तहत आज पार्टी के वरिष्ठ नेता यहां आयोजित ‘प्रदेश स्तरीय उपवास’ में शामिल हुए और बालिकाओं तथा महिलाओं से जुड़े अत्याचार के मामलों को लेकर सरकार को घेरा।

दिन में स्थानीय रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ, विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पार्टी की महिला पदाधिकारी समेत पार्टी के विधायक एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। अपने संबोधन में महिला नेताओं ने भी राज्य की भाजपा सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि इसके राज में महिलाआें और बालिकाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी के आह्वान पर आयोजित उपवास कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि महिलाओं के साथ हो रही घटनाएं बेहद संवेदनशील मुद्दा है। सरकार के मुखिया इन घटनाओं पर मौन बैठे हैं। यदि यही स्थिति रही, तो प्रदेश की बहन-बेटियों का घर से निकलना दूभर हो जायेगा। इन स्थितियों को लेकर इस प्रदेश की बदनामी हो रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को लेकर सख्ती से कदम उठाये, अन्यथा स्थिति और भी भयावह होती जायेगी।

पूर्व मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ ने सरकार पर सवाल करते हुये कहा कि महिलाओं, बच्चियों के साथ अपराध के मामले में मध्यप्रदेश अपराध का गढ़ बन गया है। प्रदेश की स्थिति बेहद गंभीर और चिंतनीय है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जिस दिन महिलाओं पर अत्याचार, दुराचार की घटना सुनने को नहीं मिलती हो। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने उपवास कार्यक्रम का संचालन करते हुये “महिला विरोधी” भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सागर जिला कांग्रेस की अध्यक्ष रेखा चौधरी ने भी अपने संबोधन में सरकार की महिलाओं के प्रति नीतियों की आलोचना की।

कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने कहा कि महिला अधिकारों के प्रति भारतीय जनता पार्टी की सरकार कितनी असंवेदनशील है, इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि पिछले चार वर्ष से राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष का पद खाली पड़ा है। महिला आयोग में शिकायतों का अंबार लगता जा रहा है, लेकिन सुनवाई करने के लिए वहां कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री जो स्वयं गृहमंत्री भी हैं, उन्हें अब कोरी बयानबाजी छोड़कर महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए। अपराध की घटना घटने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई करना अपनी जगह है, लेकिन असल बात है कि कानून व्यवस्था का ऐसा माहौल प्रदेश में तैयार किया जाए कि अपराधी भयभीत हों।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में बेटियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म और अपराध की बढ़ती घटनाओं व प्रदेश को ड्रग माफिया का अड्डा बनाए जाने के खिलाफ एवं प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे ‘बेटी बचाओ अभियान’ के तहत मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से यह प्रदेश स्तरीय उपवास कार्यक्रम वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में किया गया। प्रदेश स्तरीय ‘उपवास’ में बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार की “सद्बुद्धि” के लिए कामना की गई। इस कार्यक्रम को कांग्रेस अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

 

Next Post

मितव्ययता की नवीनतम तकनीकों के साथ प्रचीन विधाओं से भी प्रेरणा लेना आवश्यक:यादव

Sat Oct 19 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 19 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सड़कों तथा अधोसंरचना के निर्माण में प्रयुक्त हो रही नवीन तकनीक और विधाओं पर विचार-विमर्श के दौरान प्राचीन काल में हुए निर्माण कार्यों […]

You May Like