अब भारत बदल रहा है – मोहन यादव

राजनांदगांव, 06 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि अब भारत देश बदल रहा है और हम दुश्मन को उसके देश में घुसकर मारने वाले बन गए हैं।

डॉ यादव ने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले कवर्धा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “56 इंच” सीना वाले हैं।
आज का भारत, दुश्मन के देश में घुसकर, दुश्मनों काे मार रहा है।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि इसी तरह इसी तरह देश के अंदर के दुश्मन भी बचने वाले नहीं हैं।
क्योंकि देश के गृह मंत्री श्री शाह हैं।

डॉ यादव ने कहा कि भारत ने हमारे दुश्मन देश को दो बार उसके घर में घुसकर मारा है।
जब पाकिस्तान के कब्जे में हमारा जांबाज पायलट अभिनंदन आ गया था, तब भी भारत नहीं झुका।
हमारी दृढ़ नीतियों के कारण ही पायलट अभिनंदन को सुरक्षित वापस भारत भेजना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के संदर्भ में कहा कि पंद्रह सालों तक यहां भाजपा की सरकार ने इस राज्य को संवारने का कार्य किया था, लेकिन पांच साल तक राज करने वाली कांग्रेस सरकार ने सब खराब कर दिया।
अब फिर से भाजपाशासित राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेहतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान कोयला, रेत, गोबर और चावल घोटाला होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा करने वालों ने इस राज्य की जनता के साथ अन्याय किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कुछ माह पहले यहां विधानसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को समर्थन देकर आतंक और अन्याय के शासन का अंत किया है।
उन्होंने कांग्रेस की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि उसके शीर्ष नेताओं ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्यौता भी ठुकरा दिया।
उन्होंने इसे रामभक्तों का अपमान करार दिया।

राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय ने भारतीय जनसंघ से लेकर आज भाजपा तक की राजनीतिक यात्रा की विस्तार से चर्चा की और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस राज्य की जनता लोकसभा चुनाव में भी सबक सिखाएगी।

Next Post

नदी से अवैध रेत खनन, जिम्मेदार मोन 

Sat Apr 6 , 2024
महेश्वर – क्षेत्र में खनिज माफिया द्वारा नर्मदा नदी से रोजाना दर्जनों डंपर रेत भरी जा रही है। खनिज विभाग के उदासीन रवैये के चलते खनिज माफिया सक्रिय हो रहे हैं। नदी में रोजाना अवैध उत्खनन कर पोकलेन मशीन से रेत निकाली जा रही है। इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को […]

You May Like