एससी-एसटी के पांच लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को इलाज के लिए मिलेगी 3.50 लाख की आर्थिक सहायता

नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के ऐसे मरीजों, जिनके परिवार की वार्षिक आय पांच लाख रुपये तक है, को गंभीर और जानलेवा बीमारियों के इलाज के लिए डॉ. अंबेडकर मेडिकल एड स्कीम के तहत 3.50 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जायेगी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन इस संशोधित योजना का संचालन कर रहा है।

फाउंडेशन के निदेशक विनेश पचनंदा ने शनिवार को बताया कि गत दो जून को अधिसूचित संशोधित योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और इलाज पर होने वाले खर्च का बोझ कम करना है।

श्री पचनंदा के अनुसार योजना के तहत हृदय सर्जरी के लिए अधिकतम 1.50 लाख रुपये, किडनी सर्जरी और डायलिसिस के लिए 3.50 लाख रुपये, कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के लिए 2.50 लाख रुपये तथा मस्तिष्क सर्जरी के लिए दो लाख रुपये की सहायता दी जायेगी। इसके अलावा किडनी या अन्य अंग प्रत्यारोपण के लिए 3.50 लाख रुपये, रीढ़ की सर्जरी के लिए 1.50 लाख रुपये और अन्य जानलेवा बीमारियों के उपचार के लिए दो लाख रुपये तक की आर्थिक मदद मिलेगी। उपचार की अनुमानित लागत का 100 प्रतिशत, निर्धारित सीमा के अधीन, सीधे संबंधित अस्पताल को दिया जायेगा। यह राशि सर्जरी से पहले एकमुश्त आरटीजीएस, एनईएफटी या डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जारी की जा सकती है। पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीज निर्धारित प्रावधानों के तहत अगले वित्त वर्ष में दूसरी बार नवीनीकरण अनुदान भी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत एम्स, केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) से मान्यता प्राप्त अस्पतालों, राज्य सरकार के मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों सहित अन्य मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों में इलाज कराया जा सकता है। इसके अलावा लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गुवाहाटी के बी. बरुआ कैंसर संस्थान, मुंबई के टाटा कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट और हैदराबाद के निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज जैसे संस्थान भी इसके दायरे में हैं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जय) के ऐसे लाभार्थी, जो किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं या जिन्हें किडनी अथवा अन्य अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता है, वे भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। हालांकि, पीएम-जय के अन्य लाभार्थी इसके पात्र नहीं होंगे।

पात्र मरीज डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन की वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, राशन कार्ड या आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार की फोटो की स्वप्रमाणित प्रतियां देनी होंगी। इसके अलावा संबंधित अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक द्वारा हस्ताक्षरित उपचार की अनुमानित लागत और सर्जरी की निर्धारित तारीख का मूल प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा। आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निदेशक, डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन, 15 जनपथ, नयी दिल्ली-110001 के पते पर सर्जरी, डायलिसिस या कीमोथेरेपी की निर्धारित तारीख से कम से कम 15 दिन पहले पहुंचना चाहिए।

 

 

 

 

Next Post

परिसीमन विधेयक पारित कराने को लेकर सत्ता पक्ष आश्वस्त, इंडिया गठबंधन विरोध पर अड़ा

Sat Nov 28 , 2026
नई दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) लोकसभा की सोमवार से शुरू होने वाली बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शह और मात का खेल चरम पर होगा जिसमें एक ओर सत्ता पक्ष विधेयक को पारित कराने के लिए आश्वस्त है वहीं […]

You May Like